सनसनीखेज : दिल्ली में ट्रिपल मर्डर, मां सहित दो मासूमों की हत्या
राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर थाना क्षेत्र के मोहन गार्डन में सोमवार को महिला व उसके दो बच्चों की हत्या कर दी गई। महिला का शव कमरे में और दोनों बच्चों का शव बाथरूम में पड़ा था। पुलिस इस तिहरे हत्याकांड को रंजिश से जुड़ा मामला बता रही है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर थाना क्षेत्र के मोहन गार्डन में सोमवार को महिला व उसके दो बच्चों की हत्या कर दी गई। महिला का शव कमरे में और दोनों बच्चों का शव बाथरूम में पड़ा था। पुलिस इस तिहरे हत्याकांड को रंजिश से जुड़ा मामला बता रही है।
उत्तम नगर के मोहन गार्डन जे ब्लॉक स्थित मकान संख्या 14 ए के तीसरे तल पर अमित कुमार पत्नी व दो बच्चों के साथ किराये के फ्लैट में रहते थे। केंद्रीय आबकारी विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात अमित मूलरूप से सहारनपुर (उप्र) के रहने वाले हैं। सोमवार शाम साढ़े सात बजे अपने ऑफिस से घर लौटे। कार को गैराज में खड़ी कर पत्नी को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। जब फ्लैट पर पहुंचे तो दरवाजा बाहर से बंद पाया।
इसके बाद अमित फ्लैट से सटे मकान की छत के सहारे बालकनी में दाखिल हुए। अंदर देखा तो सन्न रह गए। उनकी पत्नी दीपा का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था। उसके गले में दुपट्टा लगा था। अमित जब बच्चों को खोजते हुए बाथरूम तक पहुंचे तो देखा कि दोनों बच्चे (नौ वर्षीय सक्षम व दो वर्षीय शैली) का शव खून से लथपथ पड़ा था। उनकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी। इसके बाद मामले की जानकारी अमित ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस आयुक्त दीपेंद्र पाठक, उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज मौके पर पहुंची। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। घटनास्थल से मिले साक्ष्य लूटपाट की संभावना से इन्कार कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें - भागलपुर में पांचवीं की छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या
यह भी पढ़ें - पति की हत्या कर शव टॉयलेट में दबाया, 8 माह बाद खुलासा