'बिहार में जदयू संग गठबंधन कर कांग्रेस मुक्त भारत के और करीब पहुंची भाजपा'
नीतीश कुमार के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने भी बतौर उपमुख्यमंत्री शपथ ग्रहण की है।
नई दिल्ली, एएनआइ। बिहार में महागठबंधन को ध्वस्त करके और जदयू के साथ गठबंधन कर भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में 2019 का रास्ता अपने लिए साफ कर लिया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का कहना है कि बिहार में जदयू के साथ गठबंधन की सरकार बना कर 'कांग्रेस मुक्त भारत' की ओर भाजपा ने बड़ा कदम बढ़ाया है।
गिरिराज सिंह का ये बयान उसके बाद आया जब जदयू सुप्रीमो नीतीश कुमार गुरुवार की सुबह बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले चुके थे। नीतीश के साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने भी बतौर उपमुख्यमंत्री शपथ ग्रहण की है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) शासन का हिस्सा बनने के लिए बिहार के लोगों को बधाई देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, 'बिहार, कांग्रेस मुक्त राष्ट्र का उद्देश्य पूरा करने के लिए भाजपा की राह में एक बड़ी रुकावत थी।'
बता दें कि इससे पहले बिहार में महागठबंधन की सरकार थी, जिसमें कांग्रेस, आरजेडी और जदयू शामिल थे। लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव इस सरकार में उपमुख्यमंत्री के पद पर विराजमान थे। पिछले कुछ समय से तेजस्वी यादव पर भ्रष्टाचार के कई आरोप लगे। इसके बाद नीतीश पर तेजस्वी को पद से हटाने का दबाव था। लेकिन आरजेडी इस गठबंधन की सरकार में 81 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी थी, इसलिए तेजस्वी ने साफ कर दिया था कि वह इस्तीफा नहीं देंगे।
लेकिन में बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया। लेकिन नीतीश को इस्तीफा दिए 24 घंटे भी पूर नहीं हुए कि वह भाजपा के साथ गठबंधन कर फिर से मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: भाजपा ने 4 महीने में किये ये 16 खुलासे और ढहा दिया महागठबंधन का किला