पुणे : दूध के लिए पैसे मांगने पर पत्नी को किया आग के हवाले
एक दंपति के आपसी के झगड़े ने ऐसा रूप लिया कि मामूली सी बात पर पति ने आग लगाकर पत्नी की जान ले ली।
पुणे (जेएनएन)। पुणे में एक शख्स ने मामूली सी बात पर अपनी पत्नी पर किरोसिन तेल डाल आग लगा दी। बुरी तरह से आग में झुलसने के कारण 21 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया। इस सिलसिले में रेखा जाधव के पति शाहाजी जाधव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
भोसरी पुलिस स्टेशन के इंचार्ज भीमराव शिंगड़े ने पुणे मिरर को बताया कि परिजनों के अनुसार, पति और पत्नी के बीच हमेशा झगड़े होते थे। घटना के दिन भी सुबह उनके उनके बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ था, जिसके बाद रेखा के पिता बीच-बचाव के लिए वहां गए थे।
पुलिस के अनुसार उसके पिता के जाने के बाद झगड़ा तो बंद हो गया पर माहौल तनावपूर्ण ही था। मरने से पहले रेखा ने पुलिस को बताया कि पति ने उसे चाय बनाने के लिए कहा, लेकिन घर में दूध नहीं था। महिला ने पति से दूध लाने के लिए पैसे मांगे, बस इतनी सी बात पर पति को गुस्सा आ गया और उसने पत्नी को आग के हवाले कर दिया।
महिला को सासून जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह 80 फीसद जल चुकी है। बाद में महिला ने दम तोड़ दिया। हालांकि पति ने अपने बचाव में पुलिस से कहा कि घटना के वक्त वह घर पर ही नहीं था। लेकिन महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने पति को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।