हरियाणा में आज रहेगी सियासी सरगर्मी
वैंकैया नायडू और दिनेश शर्मा हरियाणा के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। दोनों नेता राज्य के मुख्यमंत्री के नाम पर भी चर्चा करेंगे।
चंडीगढ। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में जीत के बाद भाजपा ने सरकार बनाने की कवायद शुरू कर दी है। जीत से उत्साहित बीजेपी के संसदीय बोर्ड की बैठक में यह तय किया गया कि पर्यवेक्षक के रूप में वेंकैया नायडू दिनेश शर्मा हरियाणा जाएंगे। चंडीगढ में विधायकों की होने वाली बैठक में यह दोनों नेता हिस्सा लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवारों के नाम पर भी चर्चा होगी।
हरियाणा में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कैप्टन अभिमन्यु का नाम सबसे आगे चल रहा है। वह युवा हैं और जाट नेता हैं, यह दो बातें उनके पक्ष में जाती हैं। मगर, चुनाव के दौरान भाजपा ने संकेत दिए थे कि इस बार वह किसी गैर जाट नेता को मुख्यमंत्री बना सकती है। इसके चलते कुछ अन्य नाम भी दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं, जिसमें मनोहर खट्टर शामिल हैं। उन्हें दिल्ली से हरियाणा में सत्ता संभालने के लिए भेजा जा सकता है।
इन दो नेताओं को अलावा राम विलास शर्मा का नाम भी लिया जा रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष होने के नाते उनका नाम भी दौड़ में सबसे ऊपर है। ओपी धनखड़ इस पद के चौथे दावेदार माने जा रहे हैं। ऐसे में अब देखना यह है कि सूबे की सत्ता किसके हाथ में आती है।