जब नारंगी रोशनी में नहा उठा इंडिया गेट
महिलाओं के खिलाफ हिंसा खत्म करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रयास से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत इंडिया गेट समेत दुनियाभर के सैकड़ों स्मारकों को नारंगी रोशनी से जगमगाया गया है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता । महिलाओं के खिलाफ हिंसा खत्म करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रयास से जागरूकता अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत इंडिया गेट समेत दुनियाभर के सैकड़ों स्मारकों को नारंगी रोशनी से जगमगाया गया है। यह सिलसिला 10 दिसंबर को मानवाधिकार दिवस तक जारी रहेगा। बुधवार को जैसे ही इंडिया गेट नारंगी रोशनी से रोशन हुआ यहां से गुजरने वाले इसे देखने के लिए रुक गए। इसके चलते कुछ देर तक यातायात भी बाधित रहा।
दरअसल यह अभियान संयुक्त राष्ट्र के उस प्रयास के तहत शुरू किया गया है, जिसमें महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा को खत्म करने के लिए अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत दिल्ली मेट्रो की दो सबसे व्यस्त लाइनों- यलो और ब्लू लाइन पर पैनल बोर्ड पर महिला हिंसा के खिलाफ जागरूकता के संदेश दिए गए हैं। इससे पहले पिछले साल संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, एंपायर स्टेट बिल्डिंग और मिस्त्र के पिरामिड को भी नारंगी रोशनी से रोशन किया गया था। संयुक्त राष्ट्र के इस अभियान को 'ऑरेंज द वर्ल्ड' नाम दिया गया है।