विनय कटियार ने कहा मंदिर तोड़कर बनाया गया ताजमहल, सबूत मौजूद
विनय कटियार ने कहा है कि मुगलों ने हमारे देवी देवताओं के स्थानों को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि ताजमहल हिंदू मंदिर है। वहां पर देवी देवताओं के सारे चिन्ह हैं।
लखनऊ (जेएनएन)। बीजेपी के फायरब्रांड नेता विनय कटियार ने ताजमहल को लेकर नया बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुगलों ने हमारे देवी देवताओं के स्थानों को तोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि तेजमहल हिंदू मंदिर है। वहां पर देवी देवताओं के सारे चिन्ह हैं।इसके पहले मेरठ से सरधना से भाजपा विधायक संगीत सोम ने ताजमहल को मुगलों का इतिहास बताते हुये इसे मिटाने की बात कही थी।
जबकि उनके बयान पर असदुद्दीन ओवैशी ने पटलवार किया था। बाद में समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां ने भी भाजपा नेता संगीत सोम को निशाने पर लिया है। आजम खां ने ताजमहल को गुलामी की निशाने बताए जाने पर संगीत सोम पर निशाना साधते हुए कहा था कि देश में अब तक गुलामी की निशानियों को ना मिटाना राजनीतिक नपुंसकता है।
Mughlon ne hamare dev sthano ko todne ka kaam kiya. #TajMahal Hindu mandir hai, wahan devi-devtaon ke saare chinh hain: BJP MP Vinay Katiyar pic.twitter.com/Ql265DpWoG— ANI (@ANI) October 18, 2017
उन्होंने कहा कि देश में मौजूद उन सभी इमारतों को गिरा देना चाहिए जिनसे कल के शासकों की बू आती है। मैंने तो पहले भी कहा कि सिर्फ ताजमहल ही क्यों संसद भवन, राष्ट्रपति भवन, लाल किला व कुतुब मीनार सब को गिरा देना चहिए।
जबकि ताजमहल पर प्रदेश सरकार के स्टैंड को लेकर पिछले काफी दिनों से चल रहे वाकयुद्ध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विराम लगा दिया। गोरखनाथ मंदिर में संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि ताज महल को किसने बनवाया,वह किन परिस्थितियों में बना, इससे सरकार का कोई लेना देना नहीं। सरकार के लिए यह महत्वपूर्ण है कि इसमें भारतीय मजदूरों का खून-पसीना बहा है और विशिष्ट शैली के चलते इसे पूरी दुनिया के पर्यटक पसंद करते हैं। ऐसे में इसका संरक्षण हमारा कर्तव्य और जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: अयोध्या के साकेत महाविद्यालय से शुरू हुई श्री राम शोभा यात्रा, पहुंचेंगे योगी
मुख्यमंत्री ने ताजमहल को लेकर भाजपा विधायक संगीत सोम के बयान को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि आगरा में मौजूद पर्यटन स्थलों के संरक्षण के लिए प्रदेश सरकार ने 370 करोड़ की योजना तैयार की है। इसका प्रस्ताव विश्व बैंक को भेजा गया है। मंजूर होते ही इस पर कार्य शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के मद्देनजर ही वह 26 अक्टूबर को आगरा जा रहे हैं। उसी दिन वह वहां विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत भी करने वाले हैं।
यह भी पढ़ें: रामपुर में शताब्दी एक्सप्रेस ट्रैक्टर से टकराई, इंजन क्षतिग्रस्त