वेंकैया नायडू ने कहा, अपने नेताओं को गालियां देने से रोके बसपा
वेंकैया नायडू ने कहा कि बसपा को अपने नेताओं को गालियां देने से बचने का सुझाव देना चाहिए।
नई दिल्ली, प्रेट्र : केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने कहा है कि बसपा अपने नेताओं को गालियां देने से बचने का सुझाव दे। बसपा नेताओं ने भाजपा से निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह की बेटी के खिलाफ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। इसके बाद ही केंद्रीय मंत्री ने यह टिप्पणी की है।
अपने एक ट्वीट में नायडू ने कहा है, 'दयाशंकर सिंह की पत्नी और बेटी को गालियां देना और आहत करना निदंनीय है। बसपा अपने नेताओं को इस तरह की गतिविधि में संलिप्त नहीं होने का सुझाव दे।'
बसपा ने एक दिन पहले शुक्रवार को अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दायर एफआइआर में लगाए गए आरोपों को खारिज किया। पार्टी ने कहा कि यह दयाशंकर सिंह के अपराध पर पर्दा डालने का प्रयास है। बसपा नेताओं पर आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उन लोगों ने अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया।
मायावती के खिलाफ गंदी बात कहने वाले दयाशंकर पर गिरी गाज, उपाध्यक्ष पद से छुट्टी
सिंह की मां तारा देवी ने हजरतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने शुक्रवार को बसपा के प्रदर्शन के दौरान परिवार की महिलाओं के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाया है।