वरुण गांधी ने किया मृत्युदंड का विरोध
मुंबई सीरियल ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन की फांसी का कई संगठनों ने विरोध किया है। अब इस विरोध में सत्तारूढ़ राजग के मुख्य दल भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरूण गांधी भी उतर आए हैं। उन्होंने फांसी को क्रूर सजा बताया है।
नई दिल्ली । मुंबई सीरियल ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन की फांसी का कई संगठनों ने विरोध किया है। अब इस विरोध में सत्तारूढ़ राजग के मुख्य दल भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरूण गांधी भी उतर आए हैं। उन्होंने फांसी को क्रूर सजा बताया है। एक अंग्रेजी पत्रिका में अपने लेख में वरूण ने कहा कि ज्यादातर कमजोर व अल्पसंख्यकों को फांसी की सजा दी गई है।
सुलतानपुर से सांसद वरूण ने इस लेख में मौत की सजा पर विश्लेषण करते हुए लिखा कि 75 फीसदी मौत की सजा कमजोर वर्गों से आने वालों को दी जाती है। युवा सांसद ने एक अन्य तथ्य रखते हुए लिखा कि तकरीबन 94 फीसदी फांसी की सजा दलितों या अल्पसंख्यकों को दी जाती है।
इस लेख में उन्होंने उस फैसले की भी चर्चा की जिसमे सुप्रीम कोर्ट ने 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' को शामिल किया है। उन्होंने कहा कि साल 2014 में कुल 64 लोगों को फांसी की सजा सुनाई गई। इस फैसले के बाद भारत उन 55 देशों में शामिल हो गया जहां फांसी की सजा सुनाई जाती है। यही नहीं भारत इस सूची में टॉप टेन में था।