..अब मुख्यमंत्री द्रौपदी और मंत्री दु:शासन
उत्तराखंड वन विकास निगम के चेयरमैन और खानपुर सीट से कांग्रेसी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अब मुख्यमंत्री को द्रौपदी और परिवहन मंत्री सुरेंद्र राकेश को दु:शासन की उपाधि दे डाली। उन्होंने कहा कि द्रौपदी का चीरहरण हो रहा है और
देहरादून, जागरण ब्यूरो। उत्तराखंड वन विकास निगम के चेयरमैन और खानपुर सीट से कांग्रेसी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने अब मुख्यमंत्री को द्रौपदी और परिवहन मंत्री सुरेंद्र राकेश को दु:शासन की उपाधि दे डाली। उन्होंने कहा कि द्रौपदी का चीरहरण हो रहा है और हाईकमान साड़ी बढ़ाता ही जा रहा है। हम लोग मूकदर्शक बन कर नहीं रह सकते, हम सरकार की रक्षा के लिए आगे आएंगे। उन्होंने गत रोज दिए गए बयान को स्पष्ट करते हुए कहा कि उन्होंने गुंडा शब्द का प्रयोग सिर्फ परिवहन मंत्री सुरेंद्र राकेश के लिए किया था, अन्य मंत्रियों के लिए इस शब्द का प्रयोग नहीं किया।
मंगलवार को देहरादून में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कुंवर प्रणव चैंपियन ने कहा कि सुरेंद्र राकेश खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं। इससे पार्टी व सरकार की छवि खराब हो रही है। एंटी इंकंबेंसी फैक्टर है। ऐसे में कांग्रेस प्रदेश में लोकसभा की सीटें हार सकती है। उन्होंने कहा कि सुरेंद्र राकेश खुलेआम कब्जा कर रहे हैं। हरिद्वार में अपनी कार्यशैली से वह कांग्रेस को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह हरिद्वार में कांग्रेस को बचाए रखने के लिए सुरेंद्र राकेश को मंत्री परिषद से हटाए जाने की मांग करते हैं। उनके स्थान पर उन्होंने बसपा विधायक सरबत करीम अंसारी को मंत्री परिषद में शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि श्री अंसारी पहले कांग्रेस में ही रहे हैं। हरीश रावत द्वारा टिकट काटे जाने पर वह बसपा से चुनाव लड़े थे। अपने विधायक को सम्मान देते हुए सरकार को उन्हें मंत्री बनाना चाहिए। इन बयानों पर पार्टी की ओर से अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी ने नहीं जनता ने विधायक चुना है। उन्होंने किसी तरह की कार्रवाई की कोई परवाह नहीं है।
पढ़ें: आपदा पीड़ितों ने बहुगुणा को घेरा, नारेबाजी
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर