उबर कैब चालक ने फिर की महिला से छेड़छाड़
अमेरिकी कंपनी उबर के कैब चालक ने फिर एक महिला से छेड़छाड़ की। महिला आइटीओ स्थित एक अंग्रेजी दैनिक अखबार में सहायक संपादक हैं।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। अमेरिकी कंपनी उबर के कैब चालक ने फिर एक महिला से छेड़छाड़ की। महिला आइटीओ स्थित एक अंग्रेजी दैनिक अखबार में सहायक संपादक हैं।
मंगलवार शाम 5.15 बजे उन्होंने एप के जरिये लाजपतनगर में उबर कैब को बुलाया। 5.30 बजे चालक रमेश राव टैक्सी लेकर उनके पास पहुंचा। कैब में बैठने के कुछ देर बाद जब वह डीएनडी फ्लाईओवर के टोल बैरियर के पास पहुंचीं तो घुटन होने पर रमेश से एसी तेज करने को कहा। टोल टैक्स देकर आगे बढ़ने पर चालक ने महिला के साथ छेड़खानी शुरू कर दी।
चालक की हरकत देखकर महिला ने तुरंत पुलिस को कॉल किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर चालक को दबोच लिया। महिला ने पुलिस को लिखित शिकायत तो दी, लेकिन कहा कि वह मुकदमा नहीं चाहती हैं।
गुड़गांव घटना के आरोपी को जमानत
गुड़गांवः युवती से चलती कैब में छेड़छाड़ व अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए उबर कंपनी के चालक विनोद को अदालत से जमानत मिल गई। उसे पुलिस ने मंगलवार सुबह गिरफ्तार कर दोपहर बाद अदालत में पेश किया था। इससे पहले पिछले साल 5 दिसंबर की रात उबर कंपनी के कैब चालक शिवकुमार यादव ने एक महिला के साथ दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके की सुनसान जगह पर दुष्कर्म किया था।