Move to Jagran APP

डिस्कवरी चैनल देख शुरू किया नकली नोट छापने का धंधा, गिरफ्तार

डिस्कवरी चैनल पर डॉक्यूमेंट्री देख नकली नोटों का धंधा शुरू करने वाले दो शातिर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान देविंदर सिंह उर्फ लकी उर्फ कलटा व लक्ष्य लूथरा उर्फ मनु लूथरा के रूप में हुई है। ये लोग नकली नोटों की कई खेप बाजार में

By anand rajEdited By: Published: Thu, 02 Jul 2015 08:26 AM (IST)Updated: Thu, 02 Jul 2015 08:47 AM (IST)
डिस्कवरी चैनल देख शुरू किया नकली नोट छापने का धंधा, गिरफ्तार

दिल्ली (गौतम कुमार मिश्र)। डिस्कवरी चैनल पर डॉक्यूमेंट्री देख नकली नोटों का धंधा शुरू करने वाले दो शातिर ठगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान देविंदर सिंह उर्फ लकी उर्फ कलटा व लक्ष्य लूथरा उर्फ मनु लूथरा के रूप में हुई है। ये लोग नकली नोटों की कई खेप बाजार में उतार चुके थे। पुलिस ने उनके पास से 19300 रुपये के नकली नोट भी बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी देविंदर चंद्र विहार का रहने वाला है, जबकि उसका साथी उत्तम नगर का रहने वाला है।

loksabha election banner

पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि विकासपुरी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में नकली नोट छापने का धंधा चल रहा है। विकासपुरी के एसएचओ राकेश त्यागी के नेतृत्व में एक टीम को इस दिशा में जांच का कार्य सौंपा गया। पुलिस टीम को लोगों से पता चला कि असली नोट लेकर नकली नोट देने का कारोबार कुछ लोग कर रहे हैं। असली नोट के एवज में ये लोग दो से तीन गुणा कीमत के नकली नोट देते थे। छानबीन कर पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंच गई। विकासपुरी स्थित पीवीआर परिसर के पास पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को नकली नोटों के साथ गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस को सौ-सौ रुपये के नोटों की खेप मिली है।

पूछताछ के दौरान देविंदर ने बताया कि नोट छापने की तकनीक का पता उसे डिस्कवरी चैनल पर एक डॉक्यूमेंट्री देखने के दौरान चला। डॉक्यूमेंट्री में नोट छापने से जुड़ी पूरी जानकारी बताई गई थी। इसमें नोट छापने में प्रयुक्त खास कागज व इस्तेमाल किए जाने वाले रंग के बारे में भी बताया गया था। तमाम जानकारियों के बाद उसने खुद ही नोट छापने का फैसला किया। इस धंधे में उसने लक्ष्य को भी साथ लिया। दोनों ने मिलकर प्रिंटर सहित एक कंप्यूटर सेट खरीदा। बढ़ते धंधे की जरूरत को देखते हुए दूसरा प्रिंटर भी खरीद लिया गया। पुलिस को उन्होंने बताया कि अभी तक ये बाजार में नकली नोटों की कई खेप उतार चुके हैं। हालांकि इसका अनुमान अभी नहीं लग पाया है कि उन्होंने कितने नकली नोट बाजार में उतारे।

देविंदर से पूछताछ के बाद पुलिस ने चंद्र विहार स्थित उसके घर पर छापा मारा। यहां से पुलिस ने कई नकली नोट, दो प्रिंटर, एक सीपीयू, एक मॉनीटर व एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस को शक है कि इस धंधे में कुछ और लोग भी जुड़े हुए हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

ये भी पढ़ेंः नोएडा में नकली करेंसी के साथ एक गिरफ्तार

ये भी पढ़ेंः 2.35 लाख के जाली नोट बरामद, हाथ लगे गिरोह के चार सदस्य


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.