उत्तराखंड : रावत सरकार के मंत्रियों को मिला काम, बांटे गए विभाग
सीएम त्रिवेंद्र सिंह ने अपने पास गृह, ऊर्जा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग रखा है।
नई दिल्ली, जेएनएन। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रीवेंद्र सिंह रावत ने अपने मंत्रियों के बीच विभाग का बंटवारा कर दिया है। सीएम त्रिवेंद्र सिंह ने अपने पास गृह, ऊर्जा, स्वास्थ्य और लोक निर्माण विभाग रखा है।
चौबट्टाखाल से विधायक सतपाल महाराज को सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण, पर्यटन और संस्कृति मंत्रालय दिया गया है। कोटद्वार से विधायक और कद्दावर नेता हरक सिंह रावत को वन और वन्य जीव, श्रम, आयुष मंत्री बनाया गया है। वहीं प्रकाश पंत को संसदीय कार्य, वित्त, उत्पाद, वाणिज्यिक और मनोरंजन कर, आबकारी विभाग सौंपा गया है।
सीएम रावत ने यशपाल आर्य को परिवहन, सामाज कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण का मंत्रालय सौंपा है। जबकि हरिद्वार से विधायक मदन कौशिक शहरी विकास, जनगणना, आवास और निर्वाचन मंत्री बनाया गया है।
अरविंद पांडे को विद्यालयी शिक्षा, संस्कृत शिक्षा, खेल, युवा कल्याण और पंचायत राज्य का विभाग सौंपा गया है। सुबोध उनियाल को कृषि, कृषि विपणन, कृषि शिक्षा और रेशम विकास का मंत्रालय सौंपा गया है।
राज्यमंत्री रेखा आर्या को महिला कल्याण एवं बाल विकास, पशुपालन, मत्स्य पालन मंत्री बनाया गया है। वहीं राज्यमंत्री धन सिंह रावत को सहकारिता, उच्च शिक्षा, दुग्ध विकास विभाग सौंपा गया है।
गौरतलब है कि 18 मार्च को त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस को मात देते हुए 70 में से 57 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। रावत राज्य में भाजपा के पांचवें मुख्यमंत्री हैं। पार्टी ने उत्तराखंड में अपनी पहली सरकार साल 2000 में बनाई थी, जब उत्तर प्रदेश से अलग होकर यह राज्य बना था।
कुर्सी जाने का मिथक तोड़ेंगे सीएम त्रिवेंद्र रावत, वास्तुशास्त्र का सहारा