जानिए, 11 साल की बच्ची ने क्यों रची अपनी किडनैपिंग की झूठी साजिश!
लड़की का कहना था कि चार बुर्का पहनी महिलाओं ने उसे परेल स्थित ताकिया मस्जिद से उठा लिया था। इन चारों ने उसे एक वैन में डाला, जो एक पुरुष चला रहा था।
By Tilak RajEdited By: Published: Mon, 20 Mar 2017 02:57 PM (IST)Updated: Mon, 20 Mar 2017 03:04 PM (IST)
मुंबई। मुंबई की 11 साल की लड़की ने अपनी किडनैपिंग की झूठी साजिश रची, जिसकी वजह सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई। लड़की की झूठी कहानी पर उसके माता-पिता ने तो यकीन कर लिया था, लेकिन पुलिस को दाल में कुछ काला लगा। लेकिन जब मामला खुला तो पता चला कि पूरी की पूरी दाल ही काली थी।
खुद अपनी किडनैपिंग की झूठी साजिश रचने वाली ये 11 साल की दादर के एक स्कूल की 6th क्लास में पढ़ती है। यह मामला पिछले हफ्ते पुलिस के सामने आया, जब लड़की की मां ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मां काफी परेशान थी, क्योंकि उनकी लड़की का कहीं पता ही नहीं था। वह स्कूल नहीं पहुंची थी और किसी रिश्तेदार के घर भी नहीं गई थी।
भोरीवाड़ा पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'लड़की का कहना था कि चार बुर्का पहनी महिलाओं ने उसे परेल स्थित ताकिया मस्जिद से उठा लिया था। इन चारों ने उसे एक वैन में डाला, जो एक पुरुष चला रहा था। इसके बाद इन महिलाओं ने उसे डराया और धमकाया। लड़की ने बताया कि इन महिलाओं ने उसे दादर स्थित प्लाजा सिनेमा के नजदीक छोड़ दिया था। यहां से चलकर वह अपने घर पहुंची और मम्मी को पूरी वारदात के बारे में बताया।'
पुलिस अधिकारी ने बताया, 'लड़की जब घर पहुंची तो हमने उससे पूछताछ की। हम लड़की को उस रास्ते पर लेकर गए, जहां-जहां से अपहरणकर्ता उसे लेकर गए थ। लेकिन हमें लड़की पर शक हुआ। हमें लगा कि लड़की हमसे कुछ छिपा रही है, वह झूठ बोल रही है। इसलिए हमने उससे रास्ते में ही पूछा कहीं तुम झूठ तो नहीं बोल रही? लेकिन लड़की ने फिर वही किडनैपिंग वाली कहानी सुना दी।'
उन्होंने कहा, 'लेकिन हम समझ गए थे कि लड़की झूठ बोल रही है। हम लड़की को पुलिस स्टेशन लेकर गए और कहा कि हमने उस पूरे एरिया की सीसीटीवी फुटेज निकलवाई है। इससे पता चलता है कि तुम झूठ बोल रही हो। तब लड़की को लगा कि उसका झूठ पकड़ा गया है। फिर उसने असली कहानी बताई कि आखिर क्या हुआ था।'
लड़की ने पुलिस को बताया कि किडनैपिंग की पूरी कहानी झूठी है। स्कूल में मैथ का टेस्ट था और वह इस सब्जेक्ट में काफी कमजोर है। इसलिए वह मैथ टेस्ट से बचने के लिए स्कूल नहीं गई थी। उसे डर था कि मम्मी उसे टेस्ट मिस करने की वजह से डांटेंगी, इसलिए झूठी कहानी रच डाली।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें