PM मोदी ने कजाख की छोटी यात्रा को यादगार और उपयोगी बताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कजाखस्तान की अपनी यात्रा पूरी कर रूस के लिए रवाना हो गए। इससे पहले कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना के अकोर्डा राष्ट्रपति परिसर में आज प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में जन्मे धर्मों से संबंधित पुस्तकों का एक सेट
अस्ताना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कजाखस्तान की अपनी यात्रा पूरी कर रूस के लिए रवाना हो गए। इससे पहले कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना के अकोर्डा राष्ट्रपति परिसर में आज प्रधानमंत्री मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने भारत में जन्मे धर्मों से संबंधित पुस्तकों का एक सेट कजाख राष्ट्रपति एन नजरवयेव को भेंट किया। इनमें वाल्मीकि रामायण का परसियन में अनुवादित संस्करण, श्री गुरुग्रंथ साहिब, कल्पसूत्र सहित कुछ और पुस्तकें शामिल हैं।
इसके बाद कजाख राष्ट्रपति नजरवयेव के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इस छोटी यात्रा को यादगार और उपयोगी बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कल शाम को मैने मध्य एशियाइ देशों के साथ भारत के संबंधों को लेकर मेरी दृष्टि के बारे में बात की थी। मोदी ने कहा कि कजाखस्तान इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
भारत और कजाखस्तान के बीच आज पांच समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों देश के बीच जो पांच समझौते हुए हैं वे रक्षा, रेलवे, यूरेनियम की आपूर्ति, खेल व सजा सुनाए गए कैदियों की अदला बदली से संबंधित हैं। प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद संयुक्त बयान में दोनों देश ने रक्षा और सैन्य टेक्नालॉजी सहयोग को लेकर हुए समझौते का स्वागत किया। राष्ट्रपति नजरवयेव ने प्रधानमंत्री के सम्मान में भोज का भी आयोजन किया।
इससे पहले मोदी ने कल कजाक प्रधानमंत्री करीम मैसिमोव से विभिन्न द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत की। दोनों देशों के बीच आज ऊर्जा क्षेत्र सहित कई अन्य क्षेत्रों में समझौते होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की छह दिवसीय यात्रा का आज तीसरा दिन है। मोदी कल उज्बेकिस्तान से कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने कजाखस्तान की राजधानी अस्ताना में कल भारत-कजाखस्तान उत्कृष्टता केंद्र का उद्घाटन करते हुए कहा कि हमें पूर्व, पश्चिम और उत्तर-दक्षिण के नजरिए से एशिया नहीं देखना चाहिए। मोदी ने यहां सूपर कम्प्यूटर के बारे में भी जानकारी ली।
पढ़ेंः ताशकंद में बोले मोदी, भारत की समृद्धि से हिंदी को भी लगे पंख
पढ़ेंः BRICS और SCO शिखर सम्मेलन के लिए पीएम मोदी आज रूस पहुंचेंगे