स्लमडॉग मिलियनेयर के लेखक बने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता
नामचीन उपन्यासकार और राजनयिक विकास स्वरूप विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता नियुक्त किए गए हैं। विकास सर्वाधिक बिक्री वाले उपन्यास 'क्यूएंडए' के लेखक हैं, ऑस्कर अवॉर्ड हासिल करने वाली हॉलीवुड फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' इसी उपन्यास पर आधारित है।
नई दिल्ली । नामचीन उपन्यासकार और राजनयिक विकास स्वरूप विदेश मंत्रालय के नए प्रवक्ता नियुक्त किए गए हैं। विकास सर्वाधिक बिक्री वाले उपन्यास 'क्यूएंडए' के लेखक हैं, ऑस्कर अवॉर्ड हासिल करने वाली हॉलीवुड फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' इसी उपन्यास पर आधारित है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पद पर वह सैयद अकबरुद्दीन की जगह लेंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है।
बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फ्रांस, जर्मनी और कनाडा दौरे से लौटने के बाद 18 अप्रैल को स्वरूप यह कार्यभार ग्रहण करेंगे। वर्ष 1963 में उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में जन्मे स्वरूप वर्ष 1986 बैच के भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। वह सितंबर 2013 से विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव पद पर कार्यरत हैं। स्वरूप ने तुर्की, अमेरिका, ब्रिटेन, इथियोपिया, जापान, दक्षिण अफ्रीका सहित कई देशों में अपनी सेवाएं दी हैं।
अब तक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का पदभार संभाल रहे अकबरुद्दीन को जल्दी ही अतिरिक्त सचिव प्रोन्नत किया जाना है। इसके चलते उन्हें इंडिया-अफ्रीका फोरम समिट का मुख्य समन्वयक नियुक्त किया जाएगा। 29 अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली इस समिट के बाद अकबरुद्दीन को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। वह ब्रिटेन में भारत के अगले उच्चायुक्त हो सकते हैं। फिलहाल लंदन में उच्चायुक्त पद संभाल रहे रंजन मथाई का कार्यकाल इसी साल पूरा हो जाएगा।
स्वरूप की कृतियां
स्वरूप का लिखा पहला ही उपन्यास 'क्यूएंडए' दुनिया में सर्वाधिक बिक्री वाला उपन्यास बना। इसकी लोकप्रियता का आलम यह था कि इसका 43 भाषाओं में अनुवाद हुआ। इस उपन्यास के कथानक के आधार पर हॉलीवुड फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' बनी। जनवरी 2009 में रिलीज हुई इस फिल्म ने आठ श्रेणियों में ऑस्कर अवॉर्ड जीते।
क्यूएंडए के बाद स्वरूप द्वारा लिखे गए दूसरे उपन्यास सिक्स सस्पेक्ट्स का भी 30 भाषाओं में अनुवाद हुआ। उनके हालिया उपन्यास 'द एक्सीडेंटल अप्रेंटिस' को भी खासी ख्याति मिली है। इस पर भी एक हिंदी फिल्म बनने जा रही है।