सृजन घोटाला: धरने पर बैठे तेजस्वी, नीतीश पर लगाया बेहद गंभीर अारोप
नेता प्रतिपक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने आज विधानसभा परिसर में अपने विधायकों के साथ धरना दिया और सृजन घोटाले को लेकर सीेएम नीतीश कुमार पर कई गंभीर आरोप लगाए।
पटना [जेएनएन]। बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन नेता प्रतिपक्ष और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव धरने पर बैठ गए हैं और उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तेजस्वी ने सृजन घोटाले में संलिप्तता और अारोपियों को बचाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
बुधवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष हमलावर हो गया और विधानसभा की कार्यवाही बाधित रही। पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव अपने विधायकों के साथ विधानसभा परिसर में धरने पर बैठ गए।
तेजस्वी ने कहा कि घोटाला भागलपुर, भोजपुर, बांका समेत बिहार के कई जिलों में हुआ है। अधिकारी घोटाले की लीपापोती करने में लगे हुए हैं।तेजस्वी यादव ने कहा कि सृजन घोटाले के कई आरोपी विदेश भाग गए है।गरीब जनता के पैसे जदयू और भाजपा नेताओं को दिया जा रहा है। सरकार आरोपियों को बचाने में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: लालू का ट्वीट- नीतीश अपने चेहते अफ़सरो से सृजन घोटाले के सबूत नष्ट करवा रहा है
सीएम नीतीश कुमार और सुशील मोदी को जानकारी होने के बाद भी 10 साल तक मामले को दबा कर रखा गया। सरकार मामले को रफा दफा कराने में लगी हुई है। कई जदयू नेता भी घोटाले में संलिप्त हैं। तेजस्वी यादव के साथ तेजप्रताप समेत कई राजद नेता भी प्रतिमा के पास बैठे।
आज कर्पूरी की आत्म रो रही होगी
तेजस्वी के कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा के पास बैठने पर भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि आज कर्पूरी ठाकुर जी की आत्मा रो रही होगी। आत्मा कहती होगी कि आज कैसे-कैसे लोग बैठ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ये घोटाला 1000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा का है। विपक्ष ने बाढ़ को लेकर भी सरकार को घेरा और उदासीनता का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें: लालू की 'भाजपा भगाओ रैली' को लेकर कांग्रेस में असमंजस की स्थिति, जानिए
मॉनसून सत्र की कार्यवाही तीसरे दिन भी रही बाधित
वहीं विपक्ष के हंगामे के बाद विधानपरिषद की कार्यवाही भी दोपहर 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। आज तीसरा दिन भी विधानमंडल की कार्यवाही सृजन घोटाले और बाढ़ की भेंट चढ़ गया। कार्यवाही के बाधित रहने का अंदेशा आज सुबह से ही था, जब विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां थामे विधानसभा के गेट के बाहर हंगामा-प्रदर्शन कर रहे थे।