इंदौर के चिड़ियाघर में दिल्ली जैसी घटना, शेर के पिंजरे में कूदा युवक
कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में शुक्रवार को दिल्ली चिड़ियाघर जैसा हादसा होते-होते बच गया। शाम 5.30 बजे नशे की हालत में एक किशोर शेर के पिंजरे के पहले बने बफर जोन में घुस गया। गार्ड की नजर पड़ी तो उसने दो अन्य गार्ड तथा स्टाफ की मदद से निकाला।
इंदौर। कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में शुक्रवार को दिल्ली चिड़ियाघर जैसा हादसा होते-होते बच गया। शाम 5.30 बजे नशे की हालत में एक किशोर शेर के पिंजरे के पहले बने बफर जोन में घुस गया। गार्ड की नजर पड़ी तो उसने दो अन्य गार्ड तथा स्टाफ की मदद से निकाला। यह देखने के लिए चिड़ियाघर में भीड़ लग गई। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया।
17 वर्षीय राहुल पिता अशोक विनोदिया युवक शाम 5 बजे नाली के रास्ते चिड़ियाघर में घुसा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राहुल थोड़ी देर टहलने के बाद आकाश और मेघा (शेर) के पिंजरे की तरफ बढ़ा। दोनों शेर को देखते ही राहुल पिंजरे पर चढ़ने लगा। कुछ दर्शक चिल्लाए तो राहुल नीचे उतर गया। शाम 5.30 बजे गार्ड की नजरों से बचते हुए राहुल तीन फीट रेलिंग की रेलिंग कूदकर बफर जोन में पहुंच गया। यह जमीन से करीब 8 फीट गहरा है।
बाड़े में चढ़ने लगा तभी गार्ड रामकिशन ने डंडा फेंककर मारा और बाहर निकलने को कहा। यह देखते ही अन्य गार्ड और चिड़ियाघर कर्मचारी बफर जोन में चले गए। उसकी जमकर पिटाई की। रामकिशन ने बताया कि राहुल के मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। पूछने पर कुछ भी नहीं बता रहा था। उस समय दोनों शेर काफी दूर थे।
सौंप दिया पुलिस को
युवक बफर जोन तक जा पहुंचा था, जो पिंजरे से दस फीट की दूरी पर था। चिड़ियाघर के गार्ड और कर्मचारियों ने पकड़कर उसे पुलिस को सौंप दिया। -डॉ. उत्तम यादव, प्रभारी, चिड़ियाघर
आत्महत्या की लगाई धारा
संयोगितागंज के थाना प्रभारी डीएस बेहल ने कहा कि युवक से पूछताछ की गई। उस पर आईपीसी की धारा 309 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पढ़ें - सुरक्षा मुद्दे पर दिल्ली चिड़ियाघर के अधिकारियों से जवाब तलब
पढ़ें - दिल्ली में बाड़े में कूदे युवक को बाघ ने मार डाला
साभार - नई दुनिया