बीमार जयललिता से मिले राज्यपाल, सेहत में सुधार पर जताई खुशी
तमिलनाडु के राज्यपाल विद्यासागर राव ने मुख्यमंत्री जयललिता के साथ मुलाकात की।
चेन्नई, प्रेट्र। तमिलनाडु के राज्यपाल विद्यासागर राव ने शनिवार को अस्पताल पहुंचकर मुख्यमंत्री जयललिता से मुलाकात की। उनकी सेहत में सुधार पर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की है। मुख्यमंत्री के अस्पताल में भर्ती होने के बाद से एक महीने में दूसरी बार वह उनसे मिले हैं। राजभवन द्वारा जारी बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री बातचीत कर रही हैं और इलाज का उन पर बेहतर प्रभाव दिख रहा है।
इस बीच, जयललिता के स्वास्थ्य को लेकर अफवाह फैलाने में पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता केआर रामास्वामी और उनकी सहयोगी फातिमा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने शनिवार को बताया कि आइपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत यह मामला दर्ज किया गया है।
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु की मुख्यमंत्री 22 सितंबर से इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं। उनके स्वास्थ्य को लेकर अफवाह फैलाने के विभिन्न मामलों में पुलिस अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जयललिता के सेहत से जुड़ी अफवाह फैलाने के जुर्म में रामास्वामी के खिलाफ मामला