Move to Jagran APP

सांसदों का निलंबनः संसद में विपक्ष लामबंद, सरकार अडिग

मानसून सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच का टकराव चरम पर है। सोमवार को कांग्रेस के 44 में से 25 सदस्यों के पांच दिन के निलंबन की तल्खी मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के तेवरों में दिखी। दोनों सदनों के कांग्रेस सांसदों का नेतृत्व करते हुए धरने के

By Sachin kEdited By: Published: Tue, 04 Aug 2015 11:54 PM (IST)Updated: Wed, 05 Aug 2015 06:59 AM (IST)
सांसदों का निलंबनः संसद में विपक्ष लामबंद, सरकार अडिग

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। मानसून सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच का टकराव चरम पर है। सोमवार को कांग्रेस के 44 में से 25 सदस्यों के पांच दिन के निलंबन की तल्खी मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के तेवरों में दिखी। दोनों सदनों के कांग्रेस सांसदों का नेतृत्व करते हुए धरने के लिए परिसर स्थिति गांधी प्रतिमा पहुंची सोनिया ने तीखे अंदाज में इसे 'लोकतंत्र की हत्या' बताया। वहीं आगबबूला कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस नहीं बल्कि पूरा देश इस्तीफों की मांग कर रहा है।

loksabha election banner

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को संकेत दिए कि कांग्रेस इस लड़ाई को संसद से बाहर सड़क पर ले जाने को तैयार है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी 44 सांसदों को लोकसभा से बाहर फेंक दें तो भी सरकार पर इस्तीफे का दबाव कम नहीं होगा। संघर्ष के लिए पूरा देश है। मोदी देश के मन की बात सुनें।

इसी क्रम में सोनिया गांधी ने भी कहा कि संसद चलाना सरकार की जिम्मेदारी है। हमारे सांसदों का निलंबन अलोकतांत्रिक है। सोमवार को सर्वदलीय बैठक में इस मुद्दे पर बंटा विपक्ष मंगलवार को एक होता दिखा। विपक्ष की दस पार्टियों ने कांग्रेस के समर्थन में संसद की कार्यवाही में हिस्सा नहीं लिया। भाजपा संसदीय दल ने कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास किया।

कांग्रेस का माफी से इन्कार :
इस बीच, सुलह की कोशिशों को झटका लगा। सूत्रों के मुताबिक, तटस्थ माने गए कुछ दलों ने मध्यस्थता करते हुए लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से कांग्रेस सदस्यों के निलंबन वापस लेने की गुजारिश की। हालांकि उनकी शर्त यह थी कि वह सदन के भीतर 'पोस्टर-होर्डिंग' नहीं ले जाएंगे। लेकिन कांग्रेस ने इसे मानने से इन्कार किया। जबकि, सरकार ने भी कड़ा रुख अख्तियार कर इसे लोकसभा अध्यक्ष की गरिमा से जोड़ा। इन सदस्यों के झुकने पर ही बात बनने के संकेत दिए। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस सांसदों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन दिया। इसमें पूर्व पीएम मनमोहन सिंह, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद, लोकसभा में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, राज्यसभा में उप नेता आनंद शर्मा, एंटनी, ज्योतिरादित्य सिंधिया आदि भी शामिल रहे।

निलंबन वापसी पर विपक्ष एक :
मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते समय समाजवादी पार्टी, राजद, जद यू व वाम दलों ने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन से कांग्रेस सांसदों का निलंबन वापस लेने को कहा। इन सभी ने सदन से बहिर्गमन किया। कांग्रेस सांसदों के निलंबन के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस, राकांपा, जदयू, राजद, आम आदमी पार्टी और वाम दल लोकसभा की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए। इनका बहिष्कार बुधवार को भी जारी रह सकता है। वहीं बीजद, अन्नाद्रमुक, टीआरएस, टीडीपी कार्यवाही में शामिल हुए।

सपा के पुनर्विचार के संकेत :
कांग्रेस सांसदों के समर्थन में सदन से वाकआउट कर चुकी सपा ने अपनी रणनीति में परिवर्तन के संकेत दिए हैं। पार्टी सदन की कार्यवाही में भाग लेने को लेकर बुधवार सुबह फिर से विचार करेगी। इससे पहले मंगलवार को सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने कहा था कि हम निलंबन के खिलाफ हैं, लेकिन संसद चलने देना चाहिए। हम किसी के इस्तीफे के पक्ष में नहीं।

विपक्ष की लोकसभा में ताकत
कांग्रेस 44
तृृणमूल 34
माकपा 9
राकांपा 6
सपा 5
आप 4
राजद 4
मुस्लिम लीग 2
जदयू 2

कुल 110

(अन्य बड़े विपक्षी दल अन्नाद्रमुक-34, बीजद-20, टीडीपी-16, टीआरएस-11 विरोध में शामिल नहीं हैं।)

किसने-क्या-कहा

'जिस तरह से उन्होंने हमारे सांसदों को सस्पेंड किया, यह लोकतंत्र के खिलाफ है। यह लोकतंत्र की हत्या है।'
-सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष
---
'संसद में जो किया जा रहा है, वह महज सिंबल है। यही पूरे देश में हो रहा है। यही इंटरनेट, स्टूडेंट्स और किसानों के साथ किया जा रहा है।'
-राहुल गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष
---
'बच्चों को नियंत्रित करने के लिए कभी-कभी ख्याल रखने वाली मां को सख्त भी होना पड़ता है।'
-सुमित्रा महाजन, लोकसभा अध्यक्ष
---
'कांग्रेस के डीएनए में ही लोकतंत्र नहीं। मां अध्यक्ष व बेटा उपाध्यक्ष है। ये हमें लोकतंत्र सिखाएंगे?'
-प्रकाश जावड़ेकर, पर्यावरण मंत्री
---
'निलंबन का फैसला लोकसभा अध्यक्ष का है। कांग्रेस सांसदों को अध्यक्ष से माफी मांगनी चाहिए। हम चाहते हैैं कि सदन में सब आएं।'
-वेंकैया नायडू, संसदीय कार्यमंत्री
पढ़ेंः राहुल का तंज भूमि बिल पर भागी सरकार


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.