नाइजीरियाई युवक पर हमले का मामला, सुषमा ने योगी आदित्यनाथ से की बात
दूसरी तरफ विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर ने नाइजीरिया के कार्यवाहक उच्चायुक्त से बात की।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । ग्रेटर नोएडा में नाइजीरिया के कुछ युवकों पर हुए प्राणघातक हमले को विदेश मंत्रालय ने काफी गंभीरता से लिया है। कुछ महीने पहले ही अफ्रीकी देशों के कुछ युवकों पर हमले से इन देशों के साथ कूटनीतिक रिश्तों पर असर के अनुभव से सीख लेते हुए इस बार विदेश मंत्रालय ने काफी सक्रियता दिखाई। एक तरफ विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की और नाइजीरियाई व अन्य अफ्रीकी देशों के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बात की। दूसरी तरफ विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर ने नाइजीरिया के कार्यवाहक उच्चायुक्त से बात की।
स्वराज ने स्वयं ही ट्विट कर यह जानकारी कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के सीएम से बात की है। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया है कि राज्य सरकार पूरी तरह से सतर्क है और इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना का निष्पक्षता से जांच करवाई जाएगी। विदेश मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि उत्तर प्रदेश के संबंधित क्षेत्र (ग्रेटर नोएडा) के कानून व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों ने तत्परता से कार्रवाई की है और दोषियों को पकड़ा जा रहा है। मामले को नियंत्रण के रखने के लिए हरसंभव कदम उठाये जा रहे हैं। विदेश राज्य मंत्री ने इस बारे में नाइजीरिया के उच्चायुक्त को बताया है कि विदेशी मूल के नागरिकों को सुरक्षा मुहैया कराने में कोई कोताही नहीं की जा रही है। विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा है कि भारत हर विदेशी नागरिकों को सुरक्षा देने के लिए वचनबद्ध है। खास तौर पर अफ्रीकी मूल के विद्यार्थियों व युवा हमारे सम्मानित साझेदार हैं।
देश में अफ्रीकी मूल के नागरिकों पर हमले होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को शर्मिदगी का सामना करना पड़ता है। यह भी खास तौर पर तब जब भारत अफ्रीकी देशों के बीच अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश कर रहा है। पिछले वर्ष यूगांडा के एक युवक पर हमला होने ने काफी तूल पकड़ा था। कई अफ्रीकी देशों के राजदूतों ने इसके खिलाफ आवाज उठाई थी।