स्वामी का अपनी ही सरकार पर निशाना, राम मंदिर को ठंडे बस्ते में मत डालो
भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि राम मंदिर के मुद्दे पर सरकार को जल्द से जल्द सार्थक फैसला लेना होगा। हम चुपचाप इस मामले को लटके हुए नहीं देख सकते हैं।
नई दिल्ली(एएनआई)। राम मंदिर पर सियासत में उबाल है। विरोधी दल एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस जहां एक तरफ कह रही है कि विकास के मुद्दे पर राजनीति का दावा करने वाली भाजपा का असली चेहरा अब सामने आ रहा है। वहीं भाजपा के अंदर भी कुछ नेताओं को बेचैनी है कि आखिर इस मुद्दे पर सरकार टालमटोल का रवैया क्यों अपना रही है। भाजपा के फायर ब्रांड सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि राम मंदिर का एजेंडा भाजपा के 2014 के घोषणापत्र में है।
The Ram issue is a part of our manifesto in 2014, how can we run away from it? We have to deliver: Subramanian Swamy, BJP pic.twitter.com/uj40WI9ObZ
— ANI (@ANI_news) October 19, 2016
हम इस मुद्दे से भाग नहीं सकते हैं, जनता के सामने पार्टी को कुछ सार्थक परिणाम दिखाने होंगे। हालांकि स्वामी ने कहा कि वो ये नहीं कह रहे हैं कि सरकार इस मुद्दे पर जबरदस्ती करे। लेकिन हमें समयबद्ध फैसले की ओर जाना ही होगा, लंबे समय तक हम चुपचाप नहीं बैठ सकते हैं।
We're not saying we are going to forcibly build it,we're going to do it through SC,time for it to be heard & disposed off: Subramanian Swamy
— ANI (@ANI_news) October 19, 2016
वहीं भाजपा के दूसरे फायरब्रांड नेता विनय कटियार ने कहा कि अयोध्या में मंदिरों की कमी नहीं है। भगवान राम की जन्मभूमि से 15 किमी दूर रामायण संग्रहालय बनाकर लॉलीपॉप पकड़ाया जा रहा है। हमें असली मुद्दे पर आना ही होगा।
विनय कटियार,राम मंदिर को लेकर JD-U ने दी प्रतिक्रिया
केंद्र सरकार बनाएगी राम संग्रहालय
केंद्रीय पर्यटन मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि भगवान राम आस्था के विषय हैं। सरकार चाहती है कि देश और दुनिया के लोग राम के आदर्शों को समझें और आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि संस्कृति मंत्रालय ने अयोध्या में राम संग्रहालय बनाने का फैसला किया है। संग्रहालय के लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। बताया जा रहा है कि करीब 225 करोड़ की बजट का इंतजाम किया गया है।यूपी चुनाव के मद्देनजर इस संग्रहालय की स्थापना पर महेश शर्मा ने कहा कि इसके पीछे कोई राजनीतिक मंशा नहीं है। यह मोदी सरकार की पर्यटन विकास योजना का हिस्सा है।
यूपी सरकार बनाएगी राम थीम पार्क
यूपी कैबिनेट में फैसला लिया गया है अखिलेश सरकार अयोध्या में इंटरनेशनल थीम पार्क बनाएगी। ये पार्क रामायण की थीम पर बनेगा, जिसमें लाइब्रेरी, मूर्तियां और वाटर फाल होंगे। पार्क में रामायण से जुड़े फोटोग्राफ्स लगाए जाएंगे। साथ ही पार्क में रामायण की कहानियों की फिल्में भी दिखाई जाएंगी। ये इंटरनेशनल थीम पार्क करीब 22 करोड़ की लागत से बनेगा।
बसपा ने क्या कहा ?
इस मामले पर मायावती ने कहा कि चुनाव से पहले केंद्र सरकार को रामायण संग्रहालय और सपा सरकार को रामलीला थीम पार्क बनाने की याद आई है। धर्म को राजनीति और चुनावी लाभ से जोड़ने की कोशिश निंदनीय है।