...और दुल्हन को मंगलसूत्र नहीं पहना सके सुब्रह्मण्यम
राजनीति के मैदान में विवादों व चर्चाओं के केंद्र में बने रहने वाले भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी एक नए विवाद में आ गए। इस बार मामला राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक व पारिवारिक किस्म का रहा। एक विवाह समारोह में शिरकत करने पहुंचे स्वामी गलती से दोबारा शादी करने जा रहे थे।
नई दिल्ली। राजनीति के मैदान में विवादों व चर्चाओं के केंद्र में बने रहने वाले भाजपा नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी एक नए विवाद में आ गए। इस बार मामला राजनीतिक नहीं बल्कि सामाजिक व पारिवारिक किस्म का रहा।
एक विवाह समारोह में शिरकत करने पहुंचे स्वामी गलती से दोबारा शादी करने जा रहे थे। अपनी ही पार्टी की एक नेता ने सूझबूझ से उन्हें यह चूक करने से रोक दिया।
असल में तमिलनाडु में एक शादी समारोह में उन्हें आमंत्रित किया गया था। समारोह में उन्हें जोड़े को आशीर्वाद देने व दूल्हे को मंगलसूत्र सौंपने के लिए कहा गया। तमिल विवाह रीति में वरिष्ठ व्यक्ति ही दूल्हे के हाथ में मंगलसूत्र सौंपता है।
इसके बाद जो हुआ, वह चौंकाने वाला था। स्वामी मंगलसूत्र दूल्हे को देने के बजाए खुद ही दुल्हन को पहनाने के लिए पहुंच गए। वे दुल्हन को मंगलसूत्र पहनाने ही वाले थे कि पास खड़ी उनकी पार्टी की ही वीएस चंद्रलेखा ने उनका हाथ खींच लिया।
इसके बाद उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने मंगलसूत्र दूल्हे के हाथ में थमाया। इस हास्यास्पद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।