नेताजी की 25 डीक्लासिफाइड फाइलें सार्वजनिक
केंद्रीय संस्कृति सचिव एनके सिन्हा ने पांचवीं श्रृंखला की 25 डीक्लासिफाइड फाइलों को जारी किया।
नई दिल्ली, (पीटीआई)। नेताजी सुभाषचंद्र बोस की डीक्लासिफाइड 25 फाइलों को बुधवार को सार्वजनिक किया गया है। इन फाइलों में बताया गया है कि युद्ध के प्रयासों के तहत सुदूर पूर्व के भारतीयों ने बोस को बड़ी मात्रा में सोना और बेशकीमती खजाना दिया था।
विदेश मंत्रालय के 1951 में आइएनए के खजाने पर जारी किए एक नोट के अनुसार नेताजी इस खजाने के एक हिस्से को अपने साथ वियतनाम के साइगोन से टोक्यो की अपनी अंतिम विमान यात्रा में लेकर गए थे। बाकी का खजाना साइगोन में ही रह गया था। साइगोन वियतनाम का वह प्रसिद्ध शहर है जिसकी वियतनाम युद्ध में अहम भूमिका रही थी।
बुधवार को जारी दस्तावेज के अनुसार सुभाष चंद्र बोस को बहुत बड़ी तादाद में सोना और बहुमूल्य खजाना सुदूर पूर्व के भारतीयों ने दिया था। बताया जाता है कि इसमें लकड़ी के दो बक्सों में 7 किलो 900 ग्राम शुद्ध सोना नेताजी के दुर्घटनाग्रस्त विमान से मिला था। इसी विमान से नेताजी के हादसे में मारे जाने का दावा किया जाता रहा है। इसी विमान से लोहा व अन्य धातु के मिश्रण वाला 3 किलो 100 ग्राम सोना निकला था। केंद्रीय संस्कृति सचिव एनके सिन्हा ने पांचवीं श्रृंखला की 25 डीक्लासिफाइड फाइलों को जारी किया। इस हादसे को 70 साल हो गए हैं और तब से नेताजी बोस का लापता होना एक रहस्य बना है।