अगस्त में मोदी कैबिनेट विस्तार की प्रबल संभावना
तीन साल पूरे कर चुकी मोदी सरकार का अगला संभावित विस्तार शायद आखिरी फेरबदल होगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। शहरी विकास मंत्री एम. वेंकैयानायडू को उपराष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने के साथ ही मोदी कैबिनेट के विस्तार और फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि ऐसा कोई विस्तार 11 अगस्त को मानसून सत्र खत्म होने के बाद ही होगा लेकिन यह तय माना जा रहा है किविस्तार बड़ा होगा।
तीन साल पूरे कर चुकी मोदी सरकार का अगला संभावित विस्तार शायद आखिरी फेरबदल होगा। ऐसे में हर यह राजनीतिक फार्मूले पर भी फिट होगा और रक्षा, पर्यावरण, शहरी विकास जैसे बड़े और अहम मंत्रालयों के लिहाज से नए चेहरे भी लाए जा सकते हैं। गौरतलब है कि मनोहर पर्रीकर के गोवा जाने के बाद से अरुण जेटली पर वित्त और कारपोरेट के साथ साथ रक्षा का अतिरिक्त प्रभार है।
पर्यावरण मंत्री अनिल माधव दबे के निधन के बाद विज्ञान व तकनीक मंत्री हर्षवर्द्धन पर्यावरण भी संभाल रहे हैं। नायडू के पास शहरी विकास के साथ साथ सूचना प्रसारण मंत्रालय था। मोदी को इन दोनों मंत्रालयों के लिए योग्य व्यक्ति तलाशने होंगे। गुजरात और हिमाचल पदेश में अगले चार पांच महीने में चुनाव है और दो वर्षो के अंदर मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, कर्नाटक समेत कई अहम राज्यों मे चुनाव होना है। मोदी शायद अगले फेरबदल के साथ ही सभी समीकरणों को साधते हुए दिखें।
यह भी पढ़ेंः राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग खत्म, 20 जुलाई को आएगा परिणाम
यह भी पढ़ेंः मास्टर जी जिन्होंने 16 साल से नहीं ली छुट्टी, कहते हैं यही मेरी स्टाइल है