दिल्ली चुनाव: बैनर, पोस्टर और होर्डिग सबको चुनाव आयोग ने हटाया
चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर चुनाव आयोग कड़ी नजर रख रहा है। कांग्रेस, भाजपा, आम आदमी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी के खिलाफ अलग-अलग इलाकों में मामले दर्ज किये गए हैं। नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में महानगर दंडाधिकारी से अनुमति मिलने पर नियमों का उल्लंघन करने वाली एक प्रिंटिंग प्रेस के खि
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर चुनाव आयोग कड़ी नजर रख रहा है। कांग्रेस, भाजपा, आम आदमी पार्टी तथा बहुजन समाज पार्टी के खिलाफ अलग-अलग इलाकों में मामले दर्ज किये गए हैं। नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र में महानगर दंडाधिकारी से अनुमति मिलने पर नियमों का उल्लंघन करने वाली एक प्रिंटिंग प्रेस के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति के चेयरमैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। चुनाव आयोग ने कई स्थानों पर राजनीतिक पार्टियों के पोस्टर, बैनर व होर्डिग भी हटाए।
पढ़ें : दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी अन्य खबरें
जनकपुरी विधानसभा क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के अब तक छह मामले दर्ज हो चुके हैं। मंगलवार को भाजपा, बसपा तथा आम आदमी पार्टी के खिलाफ मामले दर्ज किया गए। यहां अभी तक 83 पोस्टर भी हटाए जा चुके हैं, जबकि दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के स्थायी समिति के चेयरमैन व भाजपा निगम पार्षद राजेश गहलौत को रिटर्निग ऑफिसर की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन पर रामलीला के होर्डिग में अपनी फोटो लगाने का आरोप है।
इस बारे में गहलौत का कहना है कि वह द्वारका श्री रामलीला सोसाइटी के मुख्य संरक्षक हैं। चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले ये होर्डिग बनाए गए थे। होर्डिग में बनी उनकी फोटो में कहीं भी उनके पद या दल का जिक्र नहीं था। इसके बावजूद चुनाव आचार संहिता लागू होते ही इसे हटवा दिया गया था।
बेगमपुर पुलिस स्टेशन में चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने पर भाजपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जहांगीरपुरी में पंपलेट बांटने की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया है। पूर्वी दिल्ली में विभिन्न राजनीतिक दलों के 4292 पोस्टर, बैनर, होर्डिग तथा बोर्ड हटाए गए। इसी तरह से उत्तरी जिले के आदर्श नगर में उड़न दस्ते ने राजनीतिक दलों के पोस्टर हटाए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर