अजब ढंग से सैल्यूट करने पर पकड़ा गया फर्जी फौजी
मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में चल रही सेना की खुली भर्ती में एक फर्जी लांस नायक पकड़ा गया है। सेना के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद आरोपी को मंडी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है।
जागरण संवाददाता मंडी। मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में चल रही सेना की खुली भर्ती में एक फर्जी लांस नायक पकड़ा गया है। सेना के अधिकारियों ने पूछताछ के बाद आरोपी को मंडी पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। सेना के अधिकारियों का शक तब गहराया, जब उसे पूछताछ के लिए बुलाया व उसने अजीब ढ़ंग से सैल्यूट किया।
आरोपी शिव कुमार पुत्र वेद कुमार जंडुला, मुकेरियां (होशियारपुर) पंजाब का रहने वाला है। पुलिस ने शिव कुमार के विरुद्ध धोखाधड़ी, फर्जी पहचानपत्र बनाने का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से सेना का फर्जी पहचानपत्र, दस्तावेज व आधार कार्ड बरामद हुआ है। शिव दो दिन से पड्डल मैदान में डेरा डाले था।
बुधवार सुबह भर्ती प्रक्रिया में लगे सेना के अधिकारियों को शिव की गतिविधियों पर कुछ शक हुआ तो उन्होंने उससे पूछताछ की। जांच में पहचानपत्र फर्जी पाया गया।
पढ़ेंः लूट की फर्जी कहानी के लिए दोस्त से ही पैर में गोली लगवाई
सेना भर्ती कार्यालय मंडी का भर्ती प्रक्रिया में सहयोग के लिए पालमपुर से 20 सैन्य अधिकारी व 120 के करीब जवान आए हैं। शिव कुमार ने सेना की वर्दी पहन रखी थी व नाम पट्टिका पर नीचे लांस नायक पदनाम अंकित करवा रखा था। आरोपी से मिले पहचानपत्र पर उसका सिपाही रैंक लिखा गया है।