'सौतेली मां ने मुझे 50 लाख में विधायक को बेचा'
पार्टी से बर्खास्त कांग्रेसी विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग ने कहा कि उसकी सौतेली मां ने उसे विधायक को 50 लाख रुपये में बेचा था।
पणजी, प्रेट्र। पार्टी से बर्खास्त कांग्रेसी विधायक एवं पूर्व शिक्षा मंत्री अटानेसिओ मोंसरेट पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली नाबालिग लड़की ने कहा है कि उसकी सौतेली मां और एक अन्य व्यक्ति ने उसे विधायक को 50 लाख रुपये में बेचा था। आरोपी विधायक ने गुरुवार को गोवा पुलिस की अपराध शाखा के सामने समर्पण किया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बुधवार को उनके खिलाफ पोस्को और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। पीडि़ता की सौतेली मां के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। मोंसरेट की विधायक पत्नी जेनिफर ने कोई टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि मार्च माह में खरीदने के बाद विधायक ने उसे बंधक बना कर रखा और कई बार दुष्कर्म किया।
बुधवार को जब राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री मोंसरेट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया तब वह प्रदेश से बाहर थे। अपराध शाखा के दफ्तर के बाहर मीडिया से बातचीत में मोंसरेट ने कहा, उन्होंने कुछ भी गलत नहीं किया है। उनके खिलाफ की गई शिकायत पूरी तरह झूठी है। उन्होंने कहा कि शिकायत करने वाली लड़की उनके शोरूम हॉलमार्क में काम करती है। उसके माता-पिता उनके चुनाव क्षेत्र के हैं। इलाके के एक समर्थक ने लड़की के माता-पिता से मुलाकात कराई थी। उनके कहने पर ही नौकरी दी गई थी। निश्चित रूप से यह सब राजनीति के चलते हुआ है। मोंसरेट को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कांग्रेस पहले ही निकाल चुकी है।
इससे पहले पुलिस ने विधायक के ठिकानों पर छापेमारी करके सुबूत एकत्रित किए। टालीगांव ग्राम में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इसी गांव में मोंसरेट का बंगला है जिसमें दुष्कर्म होने की शिकायत की गई है।
यह भी पढ़ेंः अगस्ता वेस्टलैंड मामला- गौतम खेतान ने कबूली पैसे लेने की बात