प्रियंका पर सवालों को टाल गई सोनिया
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका गांधी की पार्टी में बड़ी भूमिका को लेकर पूछे गए सवालों को टाल गई।
नई दिल्ली । कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका गांधी की पार्टी में बड़ी भूमिका को लेकर पूछे गए सवालों को टाल गई। उन्होंने इस बारे में पूछे गए सवालों को कोई तवज्जो ही नहीं दिया। हालांकि राहुल गांधी की छुट्टी को लेकर पूछे गए सवालों पर वह एक तरह से चिढ़ गई।
सोमवार को पत्रकारों ने संसद भवन में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से जानना चाहा कि राहुल गांधी अवकाश से कब लौट रहे हैं। इस पर नाखुशी भरे अंदाज में कांग्रेस सुप्रीमो का जवाब था, 'आप लोग एक ही सवाल बार-बार पूछ रहे हैं। जब वह (राहुल) लौटेंगे तो आप सबको पता चल जाएगा।'
बाद में कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान जब पार्टी प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला से पूछा गया कि क्या प्रियंका गांधी को राष्ट्रीय महासचिव बनाया जा रहा है तो उनका कहना था, 'मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।' वैसे मीडिया सहित सियासी गलियारों में इस तरह की अफवाहें हैं कि राहुल गांधी की मदद के लिए प्रियंका को जल्द ही महासचिव बनाया जा सकता है।
पढ़ें :