सोनिया गांधी अस्पताल में भर्ती, हालत में सुधार
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बृहस्पतिवार को सांस लेने में तकलीफ के बाद सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बृहस्पतिवार को सांस लेने में तकलीफ के बाद सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार उनकी हालत में सुधार हो रहा है।
गुरुवार को अस्पताल के सूत्रों के अनुसार उनकी श्वांस नली में संक्रमण के बाद उन्हें रात 8.30 बजे अस्पताल में भर्ती किया गया। वह वरिष्ठ चिकित्सक अरूप कुमार बसु के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
डॉक्टरों के अनुसार सर्दी के मौसम में यह आम समस्या है। वर्ष 2011 में अमेरिका में हुए ऑपरेशन के बाद से सोनिया की सेहत को लेकर लगातार अटकलें लगाई जाती रही हैं। तब वह करीब पांच हफ्ते अमेरिका में रही थीं। बताया गया था कि न्यूयॉर्क के मेमोरियल स्लोआन केटरिंग कैंसर सेंटर में उनका सफल ऑपरेशन हुआ था।