नौकरी तलाशने इंदौर आया था साफ्टवेयर इंजीनियर, कराने लगा कॉलगर्ल उपलब्ध
आरोपी हर्षल ने कॉलगर्ल के लिए सेंडों से संपर्क किया था। सेंडो ने उसे 10 हजार रुपये में उज्बेकिस्तान की लड़की से मिलवाया। हर्षल को उससे प्रेम हो गया।
इंदौर, नईदुनिया। एस्कॉर्ट सर्विसेस वेबसाइट के माध्यम से विदेशी मॉडल और कॉलगर्ल उपलब्ध कराने वाले संचालक को साइबर सेल ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उसने कुबूला है कि वेबसाइट शहर के चर्चित देह व्यापारी सागर उर्फ सेंडो के साथ मिलकर बनाई थी। सेंडो देह व्यापार के एक मामले में पहले से जेल में है। साइबर सेल उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ करेगी। इसके तीसरे साथी की हरियाणा में तलाश की जा रही है।
इंदौर के एसपी साइबर सेल जितेंद्र सिंह ने बताया कि ये वेबसाइट पर कॉलगर्ल और मॉडल की प्रोफाइल बनाते थे। अश्लील फोटो के साथ डिटेल और नंबर देते थे। आरोपी ग्राहकों से फोन पर ही लड़की, रुपये और स्थान तय कर लेते थे। वेबसाइट सेंडो जैन चलाता था। उसे 13 फरवरी 2017 को खजराना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसकी गैर मौजूदगी में हर्षल इसे चलाने लगा।
पंचकुला के बंगले से पकड़ा
आरोपी हर्षल मूलत: शुजालपुर का है। उसका परिवार सारंगपुर में रहता है। वह कनाडि़या रोड स्थित मोर्या हिल्स में किराए के बंगले में रहता था। पुलिस उसके दोनों ठिकानों पर पहुंची, लेकिन वह पंचकुला (हरियाणा) चला गया। उसने बंगले में रखा गृहस्थी का सामान पैकर्स एंड मूवर्स के माध्यम से पंचकुला शिफ्ट करवाया था। पुलिस ने वहां दबिश देकर उसे पकड़ लिया।
नौकरी की तलाश में आया था इंदौर
आरोपी हर्षल शादीशुदा है। उसकी एक बेटी है। नौकरी की तलाश में वह इंदौर आया और टेली परफॉर्मेंस कॉल सेंटर में काम करने लगा। बाद में एबी रोड स्थित फीनिक्स कॉल नामक सॉफ्टवेयर कंपनी में जॉब करने लगा। वह इससे हटकर भी खुद के लिए ऑनलाइन वर्क करता था।
विदेशी कॉलगर्ल से हो गया प्रेम, उसी ने मिलवाया था सेंडो से
आरोपी हर्षल ने कॉलगर्ल के लिए सेंडों से संपर्क किया था। सेंडो ने उसे 10 हजार रुपये में उज्बेकिस्तान की लड़की से मिलवाया। हर्षल को उससे प्रेम हो गया। वह उसे हर सप्ताह 10-10 हजार रुपये देकर मोर्या हिल्स स्थित घर बुलाता था। हर्षल ने कुबूला कि कॉलगर्ल भी उसे चाहने लगी थी। उसी ने सेंडो के साथ काम करने के लिए उकसाया। सेंडो ने ऑनलाइन रैकेट चलाने की बात कही। सेंडो ने लोकंटो (जर्मन वेबसाइट) पर उसके साथ काम करने वाली लड़कियों की प्रोफाइल हर्षल से ऑनलाइन करवाई थी। प्रोफाइल देख शहर के कई लोगों ने सेंडो से संपर्क किया। यह देख सेंडो ने हर्षल से खुद की वेबसाइट बनाने की मांग की। हर्षल ने तीन वेबसाइट बना डाली, जिसमें कॉलगर्ल इंदौर डॉट कॉम, सुबीना खान डॉट कॉम और रक्ती सलूजा डॉट कॉम शामिल है। सेंडो तीनों वेबसाइट ऑपरेट करने के लिए हर्षल को 30 हजार रुपये प्रतिमाह देता था। सेंडो की गिरफ्तारी के बाद भी हर्षल वेबसाइट ऑपरेट करता रहा। आरोपी वेबसाइट पर रशियन, थाईलैंड समेत दस देशों की कॉलगर्ल उपलब्ध कराने का दावा करते थे।
हरियाणा के देह व्यापारी से मिला बड़ा ऑफर
हर्षल ने कुबूला कि पंचकुला का देह व्यापारी राहुल बत्ता ने फोन पर संपर्क किया था। उसने कहा था कि विदेशों से हमारा काम (एस्कॉर्ट सर्विस) चलता है। इसमें अमेरिका, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की लड़कियां भी रहती हैं। हर्षल उसके लिए भी काम करने लगा, जिसके बदले में उसे 200 से 400 डॉलर मिलने लगे। पुलिस ने बत्ता को आरोपी बनाकर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साइबर सेल आरोपी सेंडो के भाई हेमंत और कालू की भूमिका की पड़ताल कर रही है।