स्मार्ट चौकसी प्रणाली से शहरी जिंदगी होगी आसान
केंद्रीय शहरी विकास व आवास मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम ने शहरी जीवन में चौकसी व्यवस्था को मजबूत किया है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। प्रौद्योगिकी का जोर जीवनयापन को आसान बनाने पर होना चाहिए। आधुनिक प्रौद्योगिकी लोगों के जीवन को और सहज बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। केंद्रीय शहरी विकास व आवास मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम ने शहरी जीवन में चौकसी व्यवस्था को मजबूत किया है, जो अपराध को कम करने और खासकर महिलाओं की सुरक्षा की बेहतरी के लिए अच्छा उपाय है। पुरी स्मार्ट बिल्डिंग अवार्ड समारोह में बोल रहे थे।
शहरी जीवन में जन सहभागिता, बुनियादी सुविधाओं और मूलभूत सेवाओं में प्रौद्योगिकी प्रयोग से जीवन सरल व सहज हो जाएगा। पुरी का पूरा जोर स्मार्ट शहरी जीवन की जरूरतों में टेक्नोलॉजी की जरूरत पर था। उन्होंने कहा कि पारंपरिक तौर पर होने वाले विकास के रास्ते को सक्षम बनाने में भी इसका उपयोग आवश्यक है। इससे संसाधनों को बचाने में भी सहूलियत मिलती है।
बढ़ते शहरीकरण में गरीबों, महिलाओं, बुजुर्गो और विकलांगों की जिंदगी को सरल बनाने पर जोर देते हुए शहरी विकास मंत्री पुरी ने कहा कि सूचना तकनीक से आफिस और घरों को डिजिटल बनाने में सहायता मिली है। प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर स्वच्छता व सतत पर्यावरण की दिशा में सफलता मिली है। शहरों में स्मार्ट चौकसी व्यवस्था अपराध को कम करने और विशेष रूप से महिलाओं व लोगों की सुरक्षा को बेहतर करने का अच्छा उपाय है।
पूरे शहर में वाई-फाई नेटवर्क ने लोगों के बीच में संवाद को बेहतर बनाया है। ई-गवर्नेस के माध्यम से जन सूचनाएं व जन सहभागिता को बढ़ाकर सामाजिक एकजुटता को बेहतर बनाने में मदद मिली है। सामाजिक पक्षपात को घटाती है। एकीकृत यातायात प्रबंधन से शहरी ट्रैफिक की गति बढ़ाई जा सकती है। भीड़ प्रबंधन मे मदद मिलेगी। सेंसर आधारित तकनीक से रिसाव का पता लगाने, स्वचालित जल आपूर्ति, निगरानी व्यवस्था, जल जनित बीमारियों पर नियंत्रण पाने में सहायता मिलेगी।
यह भी पढ़ें: जेपी बायर्स के पोर्टल पर पजेशन व क्लेम के लिए पंजीकरण शुरू