वेश्यावृत्ति के लिए दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स का एथलीट FB से चुनता था लड़कियां
एडम को सोमवार को जेल भेज दिया गया। वह दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स के अलावा एशियन पैरा गेम्स में भी हिस्सा ले चुका है।
सिंगापुर, प्रेट्र। सिंगापुर के नेशनल पैरा-एथलीट एडम कमिस का घिनौना चेहरा सामने आया है। वह सोशल नेटवर्किंग साइट के जरिए अपनी एक एस्कार्ट एजेंसी में वेश्यावृत्ति के लिए महिलाओं की भर्ती करता था। उसने एक नाबालिग लड़की का यौन शोषण भी किया था। उसे 38 महीने जेल की सजा सुनाई गई। उसने वर्ष 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में अपने देश का प्रतिनिधित्व किया था।
37 वर्षीय एडम कमिस फेसबुक के माध्यम से महिलाओं की भर्ती करता था। इसके लिए वह 'एंजिल टैन' नाम इस्तेमाल करता था। एस्कार्ट एजेंसी एसजी फ्रीलांसर में भर्ती बतौर एस्कार्ट गर्ल की जाती थी। उसने इस एजेंसी को 2013 में खोला था। एक हादसे में वह दिव्यांग हो गया था।
स्ट्रेट टाइम्स की खबर के अनुसार, कोर्ट ने एडम को वेश्यावृत्ति के लिए महिलाओं की भर्ती करने और 16 साल की लड़की का यौन उत्पीड़न करने के आरोपों में दोषी करार दिया। एडम को सोमवार को जेल भेज दिया गया। वह दिल्ली कॉमनवेल्थ गेम्स के अलावा एशियन पैरा गेम्स में भी हिस्सा ले चुका है।