सिद्दरमैया सरकार देश में सबसे भ्रष्ट, शाह बोले कि येदुरप्पा सरकार देगी लोगों को न्याय
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि परशुराम व रानी अब्बक्का की धरती पर वह शपथ लेते हैं कि कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकेंगे।
बंटवाल (कर्नाटक), प्रेट्र। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि कर्नाटक की सिद्दरमैया सरकार देश में सबसे ज्यादा भ्रष्ट है। एक रैली में उनका कहना था कि इसकी उलटी गिनती अब तेजी से शुरू हो गई हैं।
शाह ने कहा कि अगर कोई प्रतियोगिता हो, जिसमें पिछले पांच साल की सबसे ज्यादा भ्रष्ट सरकार का चुनाव होना हो तो कर्नाटक सरकार उसमें अव्वल रहने वाली है। इसने सारी मर्यादाओं को ताक पर रखकर लोकतंत्र को शर्मसार कर दिया है। उनका कहना था कि करप्शन का ¨हदी अनुवाद भ्रष्टाचार होता है, लेकिन अब यह सिद्दरमैया सरकार होना चाहिए। उनका कहना था कि कर्नाटक सरकार वोट बैंक की राजनीति कर रही है। जिसके चलते 20 से ज्यादा भाजपा, संघ के कार्यकर्ताओं की हत्या करा दी गई। उनका कहना था कि वह भरोसा दिलाते हैं कि उनके जाने का समय आ गया है और येदुरप्पा सरकार कातिलों को उनके अंजाम तक पहुंचाएगी।
कांग्रेस विधायक के बेटे मोहम्मद नालपाड हेरिस की हालत की हरकतों पर उनका कहना था कि रेस्टोरेंट में दो बार एक व्यक्ति को पीटने के बाद भी उन पर केस दर्ज नहीं किया गया। सनद रहे कि राजनीतिक ड्रामे के बाद हेरिस ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया था। उन्हें अदालत ने दो दिनों के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
शाह ने कहा कि केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद भाजपा ने हर चुनाव जीता है। कांग्रेस केवल पंजाब में ही जीत हासिल कर सकी है। उनका कहना था कि भाजपा की जीत पीएम नरेंद्र मोदी के करिश्मे और वर्कर्स की मेहनत का नतीजा है। उनका कहना था कि त्रिपुरा में भी भाजपा बड़े अंतर से जीत हासिल करने जा रही है।
शाह ने कहा कि परशुराम व रानी अब्बक्का की धरती पर वह शपथ लेते हैं कि कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेकेंगे। अपनी तीन दिवसीय यात्रा पर शाह दक्षिण कन्नड व उत्तर कन्नड के इलाकों में भाजपा की बैठकें करेंगे।