सुधींद्र कुलकर्णी के कार्यक्रम में शिवसेना का फिर हंगामा
अध्यक्ष सुधींद्र कुलकर्णी के एक कार्यक्रम में शिवसैनिकों ने मंगलवार को एक बार फिर हंगामा किया।
मुंबई। ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) के अध्यक्ष सुधींद्र कुलकर्णी के एक कार्यक्रम में शिवसैनिकों ने मंगलवार को एक बार फिर हंगामा किया। कुलकर्णी मुंबई-कराची फ्रेंडशिप फोरम के एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कुछ माह पहले पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद कसूरी की पुस्तक के लोकार्पण समारोह से पहले भी शिवसैनिकों ने कुलकर्णी के चेहरे पर स्याही पोतकर विरोध व्यक्त किया था।
सुधींद्र कुलकर्णी भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के सहायक एवं अटल सरकार में प्रधानमंत्री के विशेष कार्याधिकारी रह चुके हैं।
दरअसल, भारत-पाकिस्तान मैत्री को बढ़ावा देने के लिए पाकिस्तान से पांच प्रेस फोटोग्राफरों का दल मुंबई दौरे पर आया है। जबकि, अगले माह भारत से भी छह प्रेस फोटोग्राफरों का दल कराची जाएगा। इसी कड़ी में मंगलवार को मुंबई प्रेस क्लब में मुंबई-कराची फ्रेंडशिप फोरम का एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया था। इसमें पाकिस्तानी फोटोग्राफर भी मौजूद थे। पहचान छुपाकर आए कुछ शिवसैनिकों ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। पहले के अनुभव से सतर्क पुलिसकर्मियों ने जल्दी ही नारेबाजी कर रहे शिवसैनिकों को हिरासत में ले लिया।
पढ़ेंः खुशखबरीः केंद्रीय कर्मियों को होगा बड़ा लाभ, पीएम मोदी कल लेंगे फैसला
कुलकर्णी ने बताया कि भारत में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की वह भी निंदा करते हैं, लेकिन दोनों देशों के आम लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए वह इस तरह के कार्यक्रम हमेशा करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के फोटोग्राफरों द्वारा खींची गईं तस्वीरों की प्रदर्शनी 14-15 अगस्त को मुंबई और कराची दोनों जगह लगाई जाएंगी।
मुंबई की प्रदर्शनी 'तस्वीर-ए-मुंबई और तस्वीर-ए-कराची' में वह शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को भी आमंत्रित करेंगे, क्योंकि उद्धव न सिर्फ राजनीतिक पार्टी के अध्यक्ष हैं, बल्कि एक अच्छे फोटोग्राफर भी हैं। कुलकर्णी के अनुसार मुंबई-कराची फ्रेंडशिप फोरम की स्थापना मुंबई में इसलिए की गई है, क्योंकि यह शहर महात्मा गांधी और मोहम्मद अली जिन्ना, दोनों की कर्मभूमि रहा है।
इसी कड़ी में सरकार से मुंबई स्थित जिन्ना हाउस को भारत-पाकिस्तान मैत्री बढ़ाने संबंधी कार्यक्रमों का केंद्र बनाने की भी मांग की जाएगी।
पढ़ेंः तेलंगाना में नौ जज निलंबित, विरोध में सामूहिक अवकाश पर गए 200 जज