भाजपा-जदयू फिर साथ, शिवसेना ने कसा तंज, उड़ाया इस तरह मजाक
भाजपा आर जदयू ने एक बार फिर एक दूसरे से हाथ मिलाया लिया है, जिससे बिहार का राजनीतिक परिदृश्य बिल्कुल बदल गया है। इस पर ही शिव सेना ने तंज कसा है।
मुंबई, एएनआइ। एनडीए में जदयू की 'घर वापसी' पर शिव सेना ने निशाना साधते हुए तंज कसा है। कहा कि भाजपा और जदयू जो इस वक्त एक साथ काफी खुश नजर आ रहे हैं, कभी दोनों ने एक दूसरे को नीचा दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ा था।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अतीत के संबंधों का मजाक उड़ाते हुए शिव सेना ने सवाल उठाया कि भले ही इस वक्त दोनों नेता एक दूसरे पर प्यार जता रहे हैं और तारीफों की बौछार कर रहे हैं, वे पिछले कुछ वर्षों में एक दूसरे के खिलाफ उगले जहर पर किस तरह से सफाई देंगे।
बकौल शिव सेना, अमित शाह ने कहा था कि अगर नीतीश कुमार जीतते हैं तो पाकिस्तान जश्न मनाएगा। तो क्या वह जश्न मना रहा है? ऐसा लग रहा है कि नीतीश के साथ हाथ मिलाकर खुद भाजपा ने पाकिस्तान को खुश कर दिया है। वहीं शिव सेना ने कहा कि नीतीश ने मोदी पर गैर-धर्मनिरपेक्ष होने का आरोप लगाया था। वहीं भाजपा पर आरएसएस के हिसाब से काम करने का आरोप भी लगाया था। पार्टी ने सामना में और भी ऐसे कई आरोपों का जिक्र किया है, जिस नीतीश ने भाजपा और मोदी पर लगाया था।
गौरतलब है कि भाजपा फिर एक दूसरे से हाथ मिलाया लिया है जिससे बिहार का राजनीतिक परिदृश्य बिल्कुल बदल गया है। बुधवार शाम तक जदयू, राजग और कांग्रेस महागठबंधन की बिहार सरकार थी, मगर अब नीतीश कुमार भाजपा के साथ बिहार सरकार की सत्ता संभालने की तैयारी में हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में सियासी संकट के बीच कांग्रेस नेताओं का राहुल गांधी पर ये गंभीर आरोप