नगरपालिका चुनाव में हार से बौखलाई शिवसेना, जैन मुनि को कहा गुंडा
शिवसेना ने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए 'मनी और मुनि' के इस्तेमाल का आरोप लगाया है।
मुंबई, एएनआई। मीरा भायंदर नगरपालिका चुनाव में हुई करारी शिकस्त को शिवसेना पचा नहीं पा रही है। शिवसेना ने भाजपा पर चुनाव जीतने के लिए 'मनी और मुनि' के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। यहीं नहीं शिवसेना सांसद संजय राउत ने जैन मुनि नयापद्मसागर को 'गुंडा' कहा और उनकी तुलना जाकिर नाइक से की है।
शिवसेना संजय राउत ने बुधवार को कहा कि 'तथाकथित जैन मुनि नयापद्मसागर गुंडा है और वो जाकिर नाईक की तरह है। उन्होंने मीरा भायंदर चुनाव में धर्मिक भावनाएं भड़काने का काम किया है। ' राउत ने यह भी कहा कि हम जैन समुदाय का आदर करते हैं। लेकिन ये जैन मुनि हिंसा की भाषा बोलते हैं।
There is a so called Jain Muni called Nayapadma Sagar who is a goon& like Zakir Naik. He communalized #Mirabhayandar polls:Sanjay Raut,SS pic.twitter.com/zPjHjtVd86— ANI (@ANI) August 23, 2017
शिवसेना का भाजपा पर हमला
संजय राउत ने कहा कि भाजपा ने शिवसेना के वोटों को तोड़ने के लिए जैन मुनि का सहारा लिया है। उन्होंने कहा 'वोट के लिए धार्मिक व्यक्तित्व का इस्तेमाल करना आचार संहिता का उल्लंघन है। हमारे पास टेप रिकॉर्डिंग है और हम भाजपा के खिलाफ राज्य और केंद्र चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे।'
नगरपालिका चुनाव में भाजपा का लहराया परचम
मुंबई से सटी मीरा-भायंदर महानगरपालिका के चुनाव में 61 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। जबकि शिवसेना को सिर्फ 22 सीटें मिली थी। 95 सीटों वाली मीरा-भायंदर महानगरपालिका के लिए रविवार को चुनाव हुए थे। वहीं कांग्रेस को 10 एवं निर्दलियों को दो सीटें मिली। इस चुनाव से पहले तक सत्ता में रही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शून्य पर आ गई हैं। राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना का भी खाता नहीं खुल सका।
गौरतलब है कि 2012 के चुनाव में भी भाजपा 31 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। तब वह 14 सीटों वाली शिवसेना के साथ मिलकर सत्ता में आ सकती थी। लेकिन 26 सीटें पाने वाली एनसीपी ने 19 सीटों वाली कांग्रेस के साथ मिलकर अपना महापौर बना लिया था।
यह भी पढ़ें: मीरा-भायंदर महानगर पालिका चुनाव में भाजपा ने लहराया परचम, 61 सीटें जीतीं