घर में रहता है घोड़ा, देखता है टीवी खेलता है कुत्ते के साथ
घर में कुत्ते-बिल्ली तो सभी पालते हैं लेकिन स्कॉटलैंड में रहने वाली एक महिला अपने घर के अंदर घोड़े को रखती है।
यहां घर में रहता है घोड़ा
अक्सर लोग घरों में कुत्ते, बिल्ली, खरगोश वगैरह छोटे जानवरों को पालते हैं। इन्हें लोग साथ में खिलाते हैं और बिस्तर पर सुलाते भी हैं। कुत्ता तो छोटा होता है, बेड पर आ जाएगा। हैरानी तो तब होती है, जब घोड़ा घर में पाल लिया जाए। जी हां स्काटलैंड में रहने वाली 26 साल की स्टेसी जॉनस्टोन जानवरों के प्रति प्यार को लेकर चर्चा में रहती हैं। स्टेसी के घर पर पांच कुत्ते तो हैं ही, साथ ही एक घोड़ा भी रहता है। यह उनके परिवार का एक हिस्सा बन चुका है।
कुत्तें है इसके दोस्त
स्टेसी बताती हैं कि, उन्हें घोड़ों से बहुत लगाव है। यही वजह है कि उनके घर पर 32 इंच ऊंचा एक छोटा घोड़ा रहता है। यह कुत्तों जैसा व्यवहार करता है। स्टेसी ने अपने घोड़े को काफी ट्रेनिंग दी है, उनके घर में पांच कुत्ते हैं और उन्हें यह नहीं लगता कि, वी बॉब (घोड़ा) अलग प्रजाति का है। बॉब भी कुत्तों के साथ खेलता है और उनकी जैसी हरकतें करता है। बॉब घर के माहौल में पूरी तरह से ढल चुका है।
देखता है टीवी
बॉबी घर में खुला घूमता रहता है, उसका एक अलग से बिस्तर लगा है जिसमें वह लेटकर आराम करता है। स्टेसी की मानें तो बॉब को टीवी देखने का बहुत शौक है। बॉब ने जब पहली बार टीवी देखी थी, उस वक्त ओलंपिक आ रहे थे और टीवी पर घुड़सवारी प्रतियोगिता चल रही थी। यह देखकर बॉब भी उछलने लगा था। फिलहाल बॉब 17 साल का हो चुका है और वह अब घर के माहौल को पूरी तरह से समझने लगा। बॉब की मालकिन स्टेसी कभी भी उसे अपने से अलग नहीं करना चाहतीं।