शीला दीक्षित व हर्षवर्धन ने भरा नामांकन
नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित व भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन सहित 26
नई दिल्ली [जागरण संवाददाता]। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित व भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डॉ. हर्षवर्धन सहित 268 प्रत्याशियों ने गुरुवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। शुक्रवार को मुहर्रम का अवकाश रहेगा तथा शनिवार को नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि है।
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इस बार फिर से कांग्रेस सता में आएगी। वह अपने सांसद पुत्र संदीप दीक्षित, पुत्री लतिका के साथ जामनगर हाउस पहुंचकर रिटर्निग ऑफिसर संजीव गुप्ता को अपना नामांकन पत्र सौंपा। इस अवसर पर काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शाहजहां रोड स्थित एसडीएम कार्यालय के बाहर उपस्थित थे। शीला दीक्षित वर्ष 1998 से नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। इस बार उनके खिलाफ भाजपा ने विजेंद्र गुप्ता तथा आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल मैदान में हैं।
वहीं, भाजपा के मुख्यमंत्री पद के दावेदार हर्षवर्धन ने भी आज कृष्णा नगर विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने गीता कॉलोनी स्थित पूर्वी दिल्ली के उपायुक्त कार्यालय में अपना नामांकन पत्र भरा। उनके साथ भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार मलहोत्रा सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। हर्षवर्धन ने कहा कि इस बार भी दिल्ली में चुनावी मुकाबला भाजपा व कांग्रेस के बीच है। आम आदमी पार्टी चुनावी लड़ाई में कहीं नहीं है।
मुख्यमंत्री के पास नहीं है अपना वाहन, पांच वर्षो में संपत्ति हुई दोगुनी :
मुख्यमंत्री शीला दीक्षित की संपत्ति पिछले पांच वर्षो दोगुनी हो गई है। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में उनकी संपत्ति 1.30 करोड़ की थी। वहीं इस बार उनकी कुल संपत्ति 2.7 करोड़ की है। नामांकन के साथ शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार नकदी, बैंक में जमा राशि, म्युचुअल फंड में निवेश सहित उनके पास कुल 1.8 करोड़ रुपये हैं। जबकि पूर्वी निजामुद्दीन में उनके पास 98.39 लाख रुपये का फ्लैट है। उन्होंने वित्त वर्ष 2012-13 में 13.9 लाख रुपये की आमदनी का आयकर भरा है। मुख्यमंत्री के पास अपना कोई वाहन नहीं है।
पांच वर्षो में कम हो गई है हर्षवर्धन की संपत्ति :
डॉ. हर्षवर्धन की संपत्ति पिछले पांच वर्षो में कम हो गई है। उनके पास पिछले चुनाव में नकदी, अन्य जमा व जेवर मिलाकर कुल 35 लाख रुपये की चल संपत्ति थी, जो कि अब कम होकर 28 लाख रुपये रह गई है। उनके पास दो वाहन हैं जिसकी कीमत 6.71 लाख रुपये है। वहीं उनके पास एक करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है। जबकि उनके ऊपर 19 लाख रुपये की देनदारी है। उनकी पत्नी नूतन के पास आठ लाख रुपये की जमा राशि तथा 1.38 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। हर्षवर्धन के तीन बच्चों के नाम लगभग 88 हजार रुपये की संपत्ति है।
विभिन्न दलों के उम्मीदवारों ने किया नामांकन :
गुरुवार को नामांकन पत्र भरने वालों में कांग्रेस के 20, भाजपा के 28, आप के 29, बसपा के 25, सपा के छह, जद के तीन उम्मीदवारों शामिल हैं। वहीं, आज 54 निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपना नामांकन पत्र भरा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर