शीला दीक्षित ने दिया इस्तीफा, कल्याण बने राजस्थान के राज्यपाल
मिजोरम तबादले की अटकलों के बीच केरल की राज्यपाल शीला दीक्षित ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वैसे उन्होंने अपना इस्तीफा सोमवार को गृहमंत्री के साथ मुलाकात के बाद राष्ट्रपति को सौंप दिया था, लेकिन इसे सार्वजनिक मंगलवार को किया। इस बीच मोदी सरकार ने राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा के लिए नए राज्यपालों को नियुक्त कर दिया है।
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। मिजोरम तबादले की अटकलों के बीच केरल की राज्यपाल शीला दीक्षित ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वैसे उन्होंने अपना इस्तीफा सोमवार को गृहमंत्री के साथ मुलाकात के बाद राष्ट्रपति को सौंप दिया था, लेकिन इसे सार्वजनिक मंगलवार को किया। इस बीच मोदी सरकार ने राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गोवा के लिए नए राज्यपालों को नियुक्त कर दिया है। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को राजस्थान का राज्यपाल बनाया गया है।
शीला दीक्षित मोदी सरकार के तीन महीने के दौरान इस्तीफा देने वाली आठवीं राज्यपाल हैं। इसके पहले महाराष्ट्र के राज्यपाल के शंकरनारायणन, उत्तर प्रदेश के राज्यपाल बीएल जोशी, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केएम नारायणन, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल शेखर दत्त, नगालैंड के राज्यपाल अश्विनी कुमार, गोवा के राज्यपाल बीवी वांगचू और मिजोरम के राज्यपाल बीवी पुरुषोत्तमन अपना इस्तीफा दे चुके हैं। शंकरनारायणन ने मिजोरम तबादले के विरोध में रविवार को इस्तीफा दे दिया था।
बताया जाता है कि मोदी सरकार इसके बाद शीला दीक्षित को मिजोरम भेजने की तैयारी में थी, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने इस्तीफा देना उचित समझा। राष्ट्रपति ने शीला दीक्षित के इस्तीफे को कार्रवाई के लिए गृहमंत्रालय को भेज दिया है। इस बीच उन्होंने इस्तीफा स्वीकार किए जाने तक इस पर कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया है। वैसे उन्होंने एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा, 'मैंने सोमवार रात को ही राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंप दिया था।'
शीला दीक्षित के इस्तीफे के बीच मोदी सरकार ने चार नए राज्यपालों की नियुक्ति का एलान किया है। कल्याण सिंह को राजस्थान, मृदुला सिन्हा को गोवा, वजूभाई वाला को कर्नाटक और सी विद्यासागर राव को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है। मार्गेट अल्वा का स्थान लेने वाले कल्याण सिंह कभी उत्तरप्रदेश में भाजपा के कद्दावर नेता हुए करते थे। लेकिन बाद में केंद्रीय नेतृत्व से अनबन के कारण उन्हें पार्टी से बाहर होना पड़ा था।
वैसे लोकसभा चुनाव के पहले वे वापस भाजपा में लौट लाए आए थे। बिहार से आने वाली मृदुला सिन्हा कभी भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं। सिन्हा गोवा में बीवी वांगचू की जगह लेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने वाले वजूभाई वाला गुजरात में उनकी सरकार में वित्त मंत्री हुआ करते थे और पिछले साल उन्हें विधानसभा अध्यक्ष चुना गया था। उन्हें हंसराज भारद्वाज के कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली हुए कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है। जबकि के शंकरनारायणन के इस्तीफे से खाली महाराष्ट्र राजभवन भेजे जा रहे सी विद्यासागर राव भी आंध्रप्रदेश से भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वे गृह राज्यमंत्री रह चुके हैं।