Move to Jagran APP

रजनीकांत को राजनीति में राह दिखाना चाहते हैं शत्रुघ्न

भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने रजनीकांत को अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा में शामिल नहीं होने की सलाह दी है।

By Gunateet OjhaEdited By: Published: Thu, 25 May 2017 10:10 PM (IST)Updated: Thu, 25 May 2017 10:10 PM (IST)
रजनीकांत को राजनीति में राह दिखाना चाहते हैं शत्रुघ्न
रजनीकांत को राजनीति में राह दिखाना चाहते हैं शत्रुघ्न

नई दिल्ली, आइएएनएस। अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने तमिल सुपरस्टार रजनीकांत के राजनीति में आने के फैसले का स्वागत करते हुए उनका मार्गदर्शन करने की पेशकश की है। इतना ही नहीं, अपनी पार्टी को समय-समय पर दांव देने वाले भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने रजनीकांत को अप्रत्यक्ष रूप से भाजपा में शामिल नहीं होने की सलाह दी है।

loksabha election banner

बिहारी बाबू शत्रुघ्न सिन्हा ने गुरुवार को ट्विटर पर कई ट्वीट की झड़ी लगा दी। उन्होंने अपने इन ट्वीट में रजनीकांत से कहा कि वह किसी भी राजनीतिक दल में शामिल न हों। बल्कि वह खुद औरों को उनके पीछे आने दें। सिन्हा ने ट्वीट किया, 'तमिलनाडु के टाइटैनिक हीरो और भारत पुत्र- प्रिय रजनीकांत उभरो, उभरो, उभरो! यही महत्वपूर्ण और सही समय है। देश और लोगों के भविष्य को संवारने के लिए सकारात्मक राजनीति में आता देखने को राष्ट्र सांस रोके इंतजार कर रहा है।'

उल्लेखनीय है कि रजनीकांत हाल ही में यह संकेत दे चुके हैं कि वह उपयुक्त समय आने पर राजनीति में शामिल हो सकते हैं। खुद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी उनके पार्टी में आने पर खुले दिल से उनका स्वागत करने की बात की है।

लेकिन रजनीकांत के भाजपा की ओर झुकाव को देखते हुए पटना साहिब से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने भाजपा के इन अरमानों पर पलीता लगाने की भरसक कोशिश की है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में शत्रुघ्न सिन्हा की ट्विटर पर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी से भी तीखी बहस हो गई थी। यह बहस राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भाजपा के रुख को लेकर हुई थी।

लिहाजा, पार्टी में रहकर पार्टी का साथ न देने वाले शत्रुघ्न सिन्हा ने फिल्मस्टार रजनीकांत को किसी भी राजनीतिक दल में शामिल न होने की सलाह देते हुए कहा कि लोग आपके साथ हैं और आपके साथ जुड़ना चाहते हैं। सबसे अच्छा यही होगा कि लोग आपसे जुड़ें। उम्मीद करता हूं कि अपने परिवार, प्रियजनों और विशेषज्ञों से राय लेकर आप जल्द से जल्द सही निर्णय लेंगे। जितना जल्दी आप फैसला लेगें उतना ही अच्छा।

यह भी पढ़ेंः मानेसर जमीन घोटाले में अब ईडी हुआ सक्रिय, 10 झगहों पर छापेमारी

यह भी पढ़ेंः गुजरात: 1.11 करोड़ के नकली नोट जब्‍त, दो गिरफ्तार


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.