मांझी के बचाव में बोले शरद, क्या दिग्विजय सिंह ने नहीं किया लड़की से प्रेम?
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने मंगलवार को सीएम पुत्र पर उठ रहे विवाद पर उनका बचाव किया। उन्होंने हाजीपुर में एक चुनावी सभा में कहा कि अगर लड़का-लड़की आपसी रजामंदी से संबंध स्थापित करते हैं तो यह जायज है।
हाजीपुर, जासं। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने मंगलवार को सीएम पुत्र पर उठ रहे विवाद पर उनका बचाव किया। उन्होंने हाजीपुर में एक चुनावी सभा में कहा कि अगर लड़का-लड़की आपसी रजामंदी से संबंध स्थापित करते हैं तो यह जायज है।
जद यू अध्यक्ष शरद यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे पर उठे विवाद पर अपनी यह टिप्पणी देते हुए उन्हें क्लीनचिट दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मांझी के बेटे को लेकर विपक्ष सवाल उठा रहा है। वे पूछना चाहते हैं कि क्या कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह ने प्रेम नहीं किया? मैं मानता हूं कि अगर लड़का-लड़की आपसी रजामंदी से संबंध स्थापित करते हैं तो इसे कतई नाजायज नहीं कहा जा सकता है। हां, अगर कोई जोर-जबरदस्ती से किसी से संबंध स्थापित करता है तो वह नाजायज है।
शरद यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा कि किसी महिला पत्रकार का दिग्विजय सिंह से रिश्ते को लेकर पत्रकार उनके यहां पहुंचे। पत्रकारों को मैंने कहा कि आपसी रजामंदी से कोई संबंध स्थापित कर रहा है तो इसमें क्या बुराई है? पत्रकारों को कहा कि ऐसे रिश्तों में ताक-झांक करना छोड़ो। यह कहकर शरद ने बिहार के मुख्यमंत्री मांझी के बेटे को लेकर उठ रहे सवालों पर विराम लगाते हुए इस पूरे प्रकरण में क्लीनचिट देने की कोशिश की। हालांकि शरद के इस बयान से बिहार ही नहीं पूरे देश में एक नयी बहस छिड़ने की संभावना प्रबल हो गयी है।