शाह ने कार्यकर्ताओं को दिया मंत्र, विधानसभा में 40 सीटों का रखें लक्ष्य
पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा चालीस सीटों का लक्ष्य लेकर चले। जम्मू संभाग की सभी 37 सीटों व लद्दाख की चार सीटों पर विजय हासिल करे।
राज्य ब्यूरो, जम्मू । कश्मीर में खराब हालात और गठबंधन सरकार में बढ़ती दूरियों के बीच जम्मू पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने स्पष्ट कर दिया कि पार्टी के लिए राष्ट्र पहले है सरकार बाद में। उन्होंने कहा कि कश्मीर में खराब हालात पर केंद्र चिंतित है और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा चालीस सीटों का लक्ष्य लेकर चले। जम्मू संभाग की सभी 37 सीटों व लद्दाख की चार सीटों पर विजय हासिल करे।
श्रीनगर में पार्टी मजबूती के साथ काम करे। अगर वहां से चार पांच सीटें मिल जाती है तो यह पार्टी के लिए बोनस होगा। उन्होंने मंत्रियों की खिचाई करते करते हुए कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क में रहे और उनकी बात सुने। कन्वेंशन सेंटर में पार्टी के मंत्रियों, विधायकों, एमएलसी, प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न कारपोरेशन के चेयरमैनों, पार्टी के मोर्चों के पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक में शाह ने कहा कि कश्मीर में बने खराब हालात को लेकर केंद्र सरकार चिंतित है। हालात सामान्य बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। किस तरह के कदम उठाए जा रहे है, उनका यहां पर खुले तौर पर जिक्र नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव में 400 सीटों पर जीतना है भाजपा का 'मिशन 2019'
उनका संकेत यह था कि अगर राष्ट्रीय हितों के लिए गठजोड़ को तोडऩा भी पड़े तो पीछे नही हटेंगे। करीब बारह बजे शुरु हुई बैठक में सवा दो बजे तक चली। संगठन के कामकाज को लेकर इस बैठक में दौ सौ अधिक पदाधिकारियों ने भाग लिया। पार्टी के विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय प्रधान अमित शाह ने पहले कार्यकर्ताओं से अपनी बात रखने को कहा। अधिकतर ने कश्मीर में पिछले कुछ महीनों से आतंकवादी गतिविधियों में बढ़ोतरी, पथराव, बढ़ती हिंसा, सेना शिविरों पर हमले पर गहरी चिंता जताई।
कई कार्यकर्ताओं ने मंत्रियों पर उनकी बात को नजरअंदाज करने व काम न करने, फोन न उठाने के गंभीर आरोप भी लगाए। सारी बाते सुनने के बाद अमित शाह ने कश्मीर में हालात पर कार्यकर्ताओं की चिंता को जायज ठहराते हुए कहा कि हम इस चिंता से अवगत है। केंद्र गंभीरता से कदम उठा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अपनी विपक्ष वाली भूमिका से बाहर आए। नकारात्मक सोच से बाहर आकर उपलब्धियों को सामने रखना चाहिए। मैं दो दिन के लिए यहां पर आया हूं। मंत्रियों, विधायकों, एमएलसी से बैठकें
करूंगा। मंत्रियों को उचित निर्देश देकर ही जाऊंगा। मंत्री हर पंद्रह दिन में कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध रहेंगे। मैने सारा कुछ लिख लिया है। आपको इससे भी बेहतर परिणाम शीघ्र ही मिलेंगे। हमे संगठन को जमीनी स्तह पर मजबूत करना होगा। अगले विधानसभा में भाजपा अपनी सरकार बनाने की स्थिति में पहुंचे, इसके लिए चालीस सीटों के लक्ष्य के लिए काम करना होगा। इससे पहले प्रदेश प्रधान सत शर्मा ने स्वागत भाषण पढ़ा। मंच पर अमित शाह के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राम लाल, पीएमओ में राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह, उप मुख्यमंत्री डा. निर्मल सिंह, राष्ट्रीय महासचिव राम माधव, पार्टी के राज्य प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संगठन महामंत्री अशोक कौल, अनिल जैन आसीन थे।
यह भी पढ़ें: 2019 फतह के लिए अमित शाह बटालियन तैयार