भोगी पोंगल के कारण चेन्नई के आसमान पर छाया धुआं, रोकनी पड़ी विमान सेवाएं
चेन्नई में भोगी पोंगल के कारण विमान सेवाओं को रोकना पड़ा जिससे 18 विमानों का रूट डायवर्ट किया गया।
चेन्नई (पीटीआई)। 'भोगी' उत्सव के कारण शनिवार को चेन्नई के आसमान पर धुआं छा गया। इस कारण विमान सेवाएं रोकनी पड़ी हैं। भोगी पोंगल फसल कटाई के पर्व पोंगल के पहले मनाया जाता है। इस उत्सव के जश्न में लोगों द्वारा सामान जलाने से आसमान में धुएं की मोटी परत बन गई। इस कारण चेन्नई हवाई अड्डे की कई उड़ानें प्रभावित हुईं।
विमानन अधिकारियों ने बताया कि सुबह चार से आठ बजे के बीच चेन्नई में विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई। हवाई सेवाएं सुबह नौ बजे के बाद बहाल हो सकीं। चेन्नई आने वाले 18 विमानों का मार्ग बेंगलुरु और हैदराबाद की ओर मोड़ा गया। ये विमान कुवैत, शारजाह और दिल्ली जैसी जगहों से चेन्नई हवाई अड्डे पर लैंड करने वाले थे।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान हवाई अड्डे से किसी भी विमान ने उड़ान नहीं भरी। विमानों की आवाजाही में देरी की वजह से सैकड़ों यात्री हवाई अड्डे पर इंतजार करते दिखे।
मालूम हो, तमिलनाडु में फसल कटाई के उपलक्ष्य में रविवार को मनाए जाने वाले उत्सव पोंगल के मद्देनजर 'भोगी' मनाया जाता है। इसमें लोग अपने पुराने कपड़ों को जलाते हैं। कपड़े जलाने के कारण कितना अधिक धुआं उठा होगा, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टू-व्हीलर चालकों ने हेडलाइट जलाकर यात्रा की। हालांकि सरकार ने बिना धुआं किए 'भोगी' पोंगल उत्सव मनाने के मकसद से नियमित तौर पर कई जागरुकता अभियान चलाए हैं।
यह भी पढ़ें: चार दिनों का उत्सव है पोंगल, जाने इसका धार्मिक महत्व