Move to Jagran APP

हरियाणा के 90 में से 75 विधायक करोड़पति

हरियाणा की नब्बे सदस्यीय विधानसभा में 75 विधायक करोड़पति हैं। नौ विधायक ऐसे भी चुनकर आए हैं, जिन पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इसी तरह दोबारा चुनकर आए 21 विधायकों ने पिछले पांच साल में अपनी जायदाद

By manoj yadavEdited By: Published: Tue, 21 Oct 2014 08:50 AM (IST)Updated: Tue, 21 Oct 2014 10:11 AM (IST)
हरियाणा के 90 में से 75 विधायक करोड़पति

जागरण ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की नब्बे सदस्यीय विधानसभा में 75 विधायक करोड़पति हैं। नौ विधायक ऐसे भी चुनकर आए हैं, जिन पर आपराधिक मामले चल रहे हैं। इसी तरह दोबारा चुनकर आए 21 विधायकों ने पिछले पांच साल में अपनी जायदाद 9.80 करोड़ रुपये बढ़ी हुई दिखाई है। यह रोचक तथ्य एसोसिएशन फॉर डेमोक्रैटिक रिफॉ‌र्म्स (एडीआर) ने जारी किए हैं। इस रिपोर्ट में चुनाव जीत कर आए उम्मीदवारों की जायदाद, उनकी शैक्षणिक योग्यता व आपराधिक मामलों का जिक्र है।

loksabha election banner

रिपोर्ट के मुताबिक विधानसभा पहुंचे 75 यानि 83 फीसद विधायक करोड़पति हैं। आदमपुर से हजकां विधायक कुलदीप बिश्नोई व उनकी पत्‍‌नी हांसी से विधायक रेणुका बिश्नोई के पास 80 करोड़ रुपये की जायदाद है। सिरसा से इनेलो विधायक मक्खन लाल सिंगला की संपत्ति 72 करोड़ जबकि तोशाम से कांग्रेस की विधायक चुनी गई किरण चौधरी की जायदाद करीब 70 करोड़ है। डबवाली से इनेलो विधायक नैना सिंह चौटाला की संपत्ति 60 करोड़ है। बादशाहपुर से भाजपा विधायक राव नरबीर सिंह की जायदाद 49 करोड़ रुपये है।

ऐलनाबाद से इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला 43 करोड़ और समालखा से निर्दलीय विधायक रवींद्र मछरौली 31 करोड़ की संपत्ति के मालिक हैं। मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार करनाल के विधायक मनोहर लाल खट्टर भी गरीब विधायकों की सूची में शामिल हैं। उनकी संपत्ति एक करोड़ से कम है। गरीब विधायकों में विशंभर वाल्मीकि के बाद कालांवाली से शिरोमणि अकाली दल के विधायक बलकौर सिंह संपत्ति 28 लाख रुपये, दादरी से इनेलो विधायक राजदीप फौगाट की संपत्ति 33 लाख, नीलोखेड़ी से भाजपा विधायक भगवान दास कबीरपंथी की संपत्ति 37 लाख, फिरोजपुर-झिरका से इनेलो विधायक नसीम अहमद की संपत्ति 38 लाख रुपये है।

खरखौदा से कांग्रेस के जयवीर सिंह की संपत्ति 42 लाख, हथीन से इनेलो के केहर सिंह रावत की 48 लाख, शाहबाद से भाजपा के कृष्ण बेदी की संपत्ति 56 लाख, करनाल से भाजपा के मनोहर लाल खट्टर की संपत्ति 61 लाख व गुहला से भाजपा के कुलवंत बाजीगर की संपत्ति भी 61 लाख रुपये है।

विधानसभा में 90 में से सर्वाधिक 25 विधायक ग्रेजुएट हैं, 17 12वीं पास, 20 ग्रेजुएट बिजनेसमैन, 12 पोस्ट ग्रेजुएट हैं। एक निरक्षर, चार विधायक 8वीं पास, आठ विधायक 10वीं पास, दो विधायक पीएचडी व एक विधायक अन्य शिक्षा प्राप्त है। भाजपा के 47 विधायकों में एक निरक्षर, चार विधायक 10वीं पास, नौ विधायक 12वीं पास, 14 विधायक स्नातक, आठ विधायक पोस्ट ग्रेजुएट, नौ विधायक ग्रेजुएट बिजनेसमैन, एक पीएचडी व एक अन्य शिक्षा प्राप्त है। कांग्रेस के 15 में से एक विधायक 8वीं पास, दो विधायक 12वीं पास, दो विधायक ग्रेजुएट, सात ग्रेजुएट बिजनेसमैन, दो पोस्ट ग्रेजुएट व एक पीएचडी है।

हरियाणा जनहित कांग्रेस के दो में से एक विधायक 12वीं पास व एक विधायक ग्रेजुएट है। बीएसपी का एक मात्र सदस्य 12वीं पास है। अकाली दल का एक मात्र सदस्य 10वीं पास है। पांच आजाद विधायकों में एक 8वीं, एक 10वीं, एक 12वीं पास, एक ग्रेजुएट व एक पोस्ट ग्रेजुएट है।

पढ़ें: आज तय हो सकते हैं हरियाणा और महाराष्ट्र के सीएम


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.