उप्र में आकाशीय बिजली गिरने से सात की मौत
पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद उत्तर प्रदेश में शुक्रवार रात से मौसम में आए बदलाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जगहों पर शनिवार देर रात हुई बारिश के बाद रविवार सुबह मौसम के तेवर बदले नजर आए।
लखनऊ। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद उत्तर प्रदेश में शुक्रवार रात से मौसम में आए बदलाव ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जगहों पर शनिवार देर रात हुई बारिश के बाद रविवार सुबह मौसम के तेवर बदले नजर आए। रात में आंधी चली और बारिश हुई जबकि आकाशीय बिजली गिरने से प्रदेशभर में सात लोगों की मौत हो गई और कई गंभीर रूप से झुलस गए। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक सोमवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हल्की बूंदाबांदी के भी आसार बने हुए हैं।
पढ़ें: दंपती पर गिरी आकाशीय बिजली, पति की मौत
आंधी-पानी से राजधानी और आसपास के जिलों में काफी नुकसान हुआ। श्रावस्ती में बरदेहरा-बदला मार्ग पर पेड़ की डाल बाइक सवारों पर गिर गई, जिसमें बाइक पर पीछे बैठक युवक की मौत हो गई। चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। आंधी बारिश और ओलावृष्टि से कौशांबी, इलाहाबाद व प्रतापगढ़ में सरसों, गेहूं व चने की फसल खराब हो गई। आकाशीय बिजली ने तीन परिवारों में कोहराम मचा दिया। इलाहाबाद के सरायममरेज क्षेत्र में रविवार दोपहर शांति देवी (60) की जान चली गई। बारा क्षेत्र में श्रीराम (53) लकड़ी काटते वक्त आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान गंवा बैठा। कौशांबी में सराय अकिल क्षेत्र में खेत काम करते समय आकाशीय बिजली गिरने से बुधराम प्रजापति (35) की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी मंजू देवी गंभीर रूप से झुलस गई।
भदोही के ऊंज क्षेत्र में कबूतरा देवी (52) व उनकी बेटी प्रमिला देवी (32) आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। दोनों की मौत हो गई। जौनपुर के मडि़याहूं क्षेत्र में बिजली गिरने से अनिल कुमार (21) और कमला प्रसाद (58) की मौत हो गई। ठंडी हवाओं के साथ बूंदा-बांदी से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखीं। उन्नाव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उरई, बांदा, हमीरपुर, हरदोई, औरैया, इटावा, फतेहपुर, महोबा तथा चित्रकूट में रुक-रुककर बारिश होती रही। सहारनपुर और मेरठ मंडल में रविवार सुबह भी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई।