लोकसभा और राज्यसभा के नौ सांसदों को दिया गया सांसद रत्न पुरस्कार
पुरस्कार पाने वालों में श्रीरंग अप्पा बार्ने (शिवसेना), राजीव शंकरराव सातव (कांग्रेस) और धनंजय भीमराव महादिक (राकांपा) शामिल हैं।
चेन्नई, आइएएनएस। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले नौ सांसदों को 'संसद रत्न' पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केरल के राज्यपाल जस्टिस (सेवानिवृत्त) पी. सदशिवम ने शनिवार को एक समारोह में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर सदशिवम ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का स्थान होता है। उन्होंने सांसदों से समाज में रचनात्मक बहस को प्रोत्साहित करने की अपील की।
पुरस्कार लोकसभा और राज्यसभा दोनों ही सदनों के सदस्यों को दिए गए। पुरस्कार पाने वालों में श्रीरंग अप्पा बार्ने (शिवसेना), राजीव शंकरराव सातव (कांग्रेस) और धनंजय भीमराव महादिक (राकांपा) शामिल हैं। भर्तृहरि महताब (बीजद) और एनके प्रेमचंद्रन (आरएसपी) को बहस की गुणवत्ता और अन्य संसदीय कार्यवाहियों के लिए विशेष पुरस्कार दिया गया।
हीना विजयकुमार गावित (भाजपा) को महिला सांसद श्रेणी के तहत पुरस्कार दिया गया। संजय राउत (शिवसेना), केएन बालागोपाल (माकपा) और डॉ. टीएन सीमा (माकपा) पुरस्कार से सम्मानित राज्यसभा सदस्य हैं। ये 2016 में छह साल का कार्यकाल पूरा कर सेवानिवृत हो चुके हैं। 'संसद रत्न' पुरस्कार की स्थापना एनजीओ प्राइम प्वाइंट फाउंडेशन ने की है। पुरस्कार का यह आठवां संस्करण था।
यह भी पढ़ें : पहली बार 1998 में सांसद बने थे प्रभुनाथ ¨सह