Move to Jagran APP

मैं मरते दम तक भारतीय रहूंगी : सानिया मिर्जा

भारत की स्टार टेनिस सनसनी नाम से विख्यात सानिया मिर्जा को तेलंगाना राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर उठे विवाद पर सानिया ने कहा है कि वह भारतीय हैं और मरते दम तक भारतीय रहेंगी। सानिया को तेलंगाना का ब्रांड एंबेसडर बनाने पर भाजपा नेता के लक्ष्मण ने उन्हें पाकिस्तान की बहू बताते हुए सवाल उठाए थे।

By Edited By: Published: Thu, 24 Jul 2014 02:38 PM (IST)Updated: Thu, 24 Jul 2014 07:02 PM (IST)
मैं मरते दम तक भारतीय रहूंगी : सानिया मिर्जा

हैदराबाद। भारत की स्टार टेनिस सनसनी नाम से विख्यात सानिया मिर्जा को तेलंगाना राज्य का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर उठे विवाद पर सानिया ने कहा है कि वह भारतीय हैं और मरते दम तक भारतीय रहेंगी।

loksabha election banner

सानिया को तेलंगाना का ब्रांड एंबेसडर बनाने पर भाजपा नेता के लक्ष्मण ने उन्हें पाकिस्तान की बहू बताते हुए सवाल उठाए थे। हालांकि बाद में के लक्ष्मण ने सफाई दी है कि वे स्थानीय खिलाड़ियों को तरजीह देने की बात कह रहे थे।

इससे पहले राज्य विधानसभा में भाजपा नेता लक्ष्मण ने कहा, सानिया का जन्म महाराष्ट्र में हुआ था। फिर वह हैदराबाद आकर बस गईं। वह यहां की स्थायी निवासी नहीं हैं।' पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से निकाह करने के कारण उन्होंने सानिया को पाकिस्तान की बहू बताया। कांग्रेस की तेलंगाना इकाई ने भी सानिया को इस सम्मान के अयोग्य बताया था। कांग्रेस के राज्य प्रमुख पोन्नाला लक्षमैय्या ने कहा, सानिया टेनिस के लिए पहचानी जाती हैं। वह तेलंगाना और हैदराबाद की ब्रांड एंबेसडर छवि में फिट नहीं बैठतीं।

इन बयानों के बाद सानिया ने कहा, मेरे परिवार की जड़ें हैदराबाद में हैं। हम एक सदी से भी अधिक समय से यहां रह रहे हैं। मुझे बाहरी करार देने के किसी भी व्यक्ति के प्रयास की मैं निंदा करती हूं। उन्होंने कहा, मुझे दुख है कि एक छोटे से मुद्दे को लेकर कई प्रभावी राजनेता और मीडिया कीमती समय बर्बाद कर रहा है। मैंने शोएब मलिक से निकाह किया है जो पाकिस्तानी हैं। मैं एक भारतीय हूं और आखिरी दम तक भारतीय रहूंगी।

सानिया का परिवार :

सानिया का जन्म मुंबई के एक अस्पताल में हुआ और जन्म के तीन सप्ताह बाद वह हैदराबाद आ गई थी। उनके दादा मुहम्मद जफर मिर्जा ने वर्ष 1948 में हैदराबाद में बतौर रेलवे इंजीनियर अपने करियर की शुरुआत की। उनके परदादा मुहम्मद अहमद मिर्जा हैदराबाद में पानी से जुड़े मामलों के चीफ इंजीनियर थे। मिर्जा परिवार की शुरुआती पीढ़ी के अजीज मिर्जा हैदराबाद निजाम के यहां गृह मंत्री थे।

सानिया के पक्ष में आए नेता

नई दिल्ली। सानिया मिर्जा पर भाजपा की नकारात्मक टिप्पणी के बाद कांग्रेस समेत दूसरी पार्टियों के नेता उनके समर्थन में आ गए। उन्होंने सानिया का विरोध करने पर भाजपा की निंदा की। नेताओं ने कहा कि सानिया भारतीय हैं और उन्होंने अपने खेल से देश का गौरव बढ़ाया है।

'सानिया हैदराबाद की हैं। वह पाकिस्तानी से शादी करती हैं या अमेरिकी से, यह मायने नहीं रखता। '

-जितेन्द्र रेड्डी, टीआरएस

'सानिया ने कभी यह नहीं कहा कि उन्होंने देश की नागरिकता छोड़ दी है। वह भारत के लिए खेलती हैं और सरकार ने उन्हें कई पुरस्कार दिए हैं। '

- के कविता, टीआरएस

'अगर कोई ऐसी बात करता है तो यह उसकी संस्कृति को दर्शाता है। '

- मुरली मनोहर जोशी, भाजपा

' सायना भारत में जन्मीं और यहीं पली बढ़ी हैं। हमारे कई खेलों में विदेशी कोच हैं। क्या भाजपा यह कहेगी कि उन्हें कोच नहीं बनाया जाना चाहिए। भाजपा के नेता उनका विरोध क्यों नहीं करते ?'

-नरेश अग्रवाल, समाजवादी पार्टी

'नेहरू ने क हा था कि भारत को हमेशा अंदर के लोगों से खतरा रहेगा। भाजपा, शिवसेना और आरएसएस के लोग ऐसे ही हैं। वे साम्प्रदायिक और बांटने वाले हैं।'

- सैफुद्दीन सोज, कांग्रेस

'सानिया दुनिया की जानी मानी खिलाड़ी हैं, वह हमारे लिए मूल्यवान हैं। '

-माजिद मेनन, एनसीपी

' सानिया ने चाहे किसी से शादी की हो, वह एक भारतीय नागरिक है और उनका सम्मान किया जाना चाहिए।'

-जय पांडा, बीजू जनता दल

भारत का गौरव हैं सानिया : प्रकाश जावड़ेकर

नई दिल्ली। सानिया को तेलंगाना का ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर हुए विवाद के बीच केंद्रीय दूरसंचार मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि सानिया मिर्जा भारत का गौरव हैं।

पत्रकारों से बातचीत में जावड़ेकर ने कहा कि सानिया ने अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अपना मुकाम बनाया है। हमें उनके ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने पर कोई आपत्ति नहीं है।

ये भी पढ़ें: सानिया मिर्जा तेलंगाना की ब्रांड एम्बेस्डर नियुक्त

खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.