संगीत सोम बोले, पाकिस्तान चले जाएं आजम खां
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक संगीत सोम उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां पर जमकर बरसे। उन्होंने यहां तक कहा कि आजम को पूर्वजों की गलती में सुधार करते हुए पाकिस्तान चले जाना चाहिए।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक संगीत सोम उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खां पर जमकर बरसे। उन्होंने यहां तक कहा कि आजम को पूर्वजों की गलती में सुधार करते हुए पाकिस्तान चले जाना चाहिए।
सोम ने कहा कि बीते शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में ट्रेन रोकने वालों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए, अन्यथा भाजपा इसके खिलाफ आंदोलन करेगी।
उन्होंने मंगलवार को हरिद्वार में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हमारी लड़ाई किसी जाति विशेष से नहीं है, हमारा विरोध देश विरोधी तत्वों से है। इस वक्त देश में कई जगहों खासकर उत्तर प्रदेश में तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है। यह हमारे ऊपर इतना हावी हो चुका है कि देश के भीतर हिंदू अपने को बेगाना समझने लगा है।
उन्होंने कश्मीर के सवाल पर कहा कि भाजपा सरकार में कश्मीरी पंडितों को पूरा सम्मान मिलेगा और उन्हें पूरी सुरक्षा प्रदान की जाएगी। यह बड़ा अजीब है कि अपने देश में लोगों को शरणार्थी होकर रहना पड़ रहा है और अब तक कि सरकारों ने उनके लिए कुछ नहीं किया। अब ऐसा नहीं होगा, कश्मीर पंडितों की पूरे सम्मान व सुरक्षा के साथ घर वापसी होगी।