पश्चिम बंगाल विधानसभा में जबरदस्त हंगामा, कांग्रेस विधायक अस्पताल में भर्ती
विधानसभा में जबरदस्त हंगामे के चलते विपक्ष के नेता और कांग्रेस विधायक अब्दुल मन्नान घायल हो गए हैं।
कोलकाता, एएनआई। पश्चिम बंगाल विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। संपत्ति के नुकसान विधेयक में संशोधन को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। इस हंगामे में विपक्ष के नेता और कांग्रेस विधायक अब्दुल मन्नान गंभीर रूप से घायल हो गए। अब्दुल मन्नान को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दरअसल, विधानसभा की कार्यवाही के दौरान विपक्षी दल संपत्ति के नुकसान विधेयक में संशोधन की मांग कर रहे थे। इसी दौरान सदन के सदस्यों ने माइक उछाले और बिल की कॉपियां तक फाड़ दी। हंगामे के बीच सदन में अफरातफरी का माहौल बना रहा। सदन में मौजूद विधायकों ने ममता सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह भी पढ़ें: बजट सत्र से पहले प.बंगाल विस अध्यक्ष ने बुलाई सर्वदलीय बैठक