सहयोगी संगठनों के तीन बड़े नेताओं की छुट्टी करने के मूड में आरएसएस
विहिप के अंतरराष्ट्रीय महासचिव प्रवीण तोगड़िया, अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष राघव रेड्डी और भारतीय मजदूर संघ के महासचिव वृजेश उपाध्याय को उनके पदों से हटाया जा सकता है।
नई दिल्ली, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके सहयोगी संगठनों के पदाधिकारियों के बारे में ऐसी खबर मुश्किल से ही आती है कि उन्हें उनके पद से हटा दिया गया। इसका कारण यह है कि आरएसएस यह मानता है कि सभी सहयोगी संगठन एक परिवार की तरह हैं और परिवार से कभी किसी को अलग नहीं किया जा सकता, लेकिन बहुत संभव है कि जल्द ही विहिप के अंतरराष्ट्रीय महासचिव प्रवीण तोगड़िया, अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष राघव रेड्डी और भारतीय मजदूर संघ के महासचिव वृजेश उपाध्याय को उनके पदों से हटा दिया जाए।
इसका कारण इन नेताओं की ओर से रह-रहकर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाना है। सूत्रों के अनुसार संघ नेतृत्व इस नतीजे पर पहुंचा है कि ये तीनों अपने निजी एजेंडे को आगे बढ़ाने के साथ कलह पैदा करने का काम रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि फरवरी के अंत में वीएचपी की कार्यकारिणी बैठक होने जा रही है। बैठक में आरएसएस नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए दबाव बना सकता है। सहयोगी संगठनों की प्रतिनिधि सभा की बैठक मार्च में हो सकती है जिसमें वीएचपी के नए अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में प्रवीण तोगड़िया पूरे दिन लापता रहे। तोगड़िया के गायब होने के समय राजस्थान और गुजरात पुलिस गिरफ्तारी का वारंट लेकर उनकी तलाश कर रही थी। हालांकि दिन के अंत में बेहोशी की हालत में मिले तोगड़िया को अस्पताल लाया गया। स्वस्थ होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर भावुक तोगड़िया ने बताया कि उनकी जान को खतरा है। उन्हें मारने की साजिश रची जा रही है।
तोगड़िया और उपाध्याय अक्सर मोदी सरकार के खिलाफ आवाज उठाकर केंद्र सरकार और भाजपा नेतृत्व के लिए मुश्किलें खड़ी करते रहे हैं। कहा जा रहा है कि तोगड़िया, रेड्डी और उपाध्याय को अपने पद से हटने के लिए कहा जा सकता है अगर ऐसा नहीं होता है तो चुनाव भी कराया जा सकता है।
बता दें कि हैदराबाद के रेड्डी का यह लगातार तीसरा कार्यकाल है। 2011 और 2014 में उनका चुनाव सभी ट्रस्टी सदस्यों की सर्वसम्मति से हुआ था। उल्लेखनीय है कि अपने दो कार्यकालों में रेड्डी ने तोगड़िया को अंतराष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष पद के लिए नामित किया है।